जर्मनी को 2-1 से हराकर इक्वाडोर नॉकआउट में

जर्मनी की 11 मैचों की जीत का सिलसिला थमा, इक्वाडोर ने संघर्ष भरे ग्रुप चरण के बाद रिकॉर्ड भीड़ के सामने नॉकआउट टिकट हासिल किया
जर्मनी को 2-1 से हराकर इक्वाडोर नॉकआउट में
Published on: 

अमेरिका : गोंजालो प्लाटा के 77वें मिनट में दागे गोल की बदौलत इक्वाडोर ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जर्मनी को 2-1 से हराकर 2006 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई। पच्चीस साल के विंगर प्लाटा ने अपना नौवां अंतरराष्ट्रीय गोल करने के बाद कहा, ‘अब जिंदगी अलग है। हमने बहुत मुश्किलों का सामना किया है। शुरुआती दो मैच में हमें बहुत संघर्ष करना पड़ा। हम चाहते थे कि क्वालीफिकेशन पहले ही पक्का हो जाए लेकिन अब हम और अधिक जोश के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह जानते हुए कि हमें अपना सब कुछ झोंक देना है।’

अपने पिछले 22 मैच में से सिर्फ एक गंवाने वाला इक्वाडोर चार अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर रहा और दूसरी बार ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में सफल रहा। अब मंगलवार को नॉकआउट चरण में मैक्सिको सिटी में उसका मुकाबला मैक्सिको से हो सकता है। अपने शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही नॉकआउट में जगह पक्की कर चुकी चार बार की चैंपियन जर्मनी की टीम सोमवार को फॉक्सबोरो में अपना राउंड ऑफ 32 का मैच खेलेगी। टीम का मुकाबला पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया या स्वीडन में से किसी एक से होने की संभावना है।

जर्मनी की लगातार जीत का सिलसिला इस हार के साथ 11 मैच पर रुक गया जो 1979-80 में बने टीम रिकॉर्ड से बस एक मैच कम था। जर्मनी के मिडफील्डर जोशुआ किमिच ने कहा, ‘आज फर्क यह था कि विरोधी टीम हमसे अधिक जीतने को बेताब थी और यह साफ तौर पर महसूस किया जा सकता था, खासकर दूसरे हाफ में।’ लेरॉय साने के दूसरे मिनट में किए गए गोल से जर्मनी ने बढ़त बनाई। नथानिएल ब्राउन के थ्रो इन के बाद एलेक्जेंडर पावलोविच ने छाती से गेंद को रोका और गलती से पेड्रो विटे के सिर पर किक मार दी लेकिन अमेरिकी रेफरी टोरी पेनसो ने फाउल का इशारा नहीं किया। पावलोविच ने फ्लोरियन विर्ट्ज को पास दिया जिन्होंने पेनल्टी एरिया के अंदर साने को गेंद दी और साने ने गोलकीपर हर्नान गैलिंडेज को छकाते हुए गोल कर दिया।

टूर्नामेंट में इक्वाडोर के पहले गोल के जरिए निल्सन अंगुलो ने नौवें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 रहा। दूसरे हाफ के 30 सेकंड से भी कम समय में पेनसो ने जर्मनी को पेनल्टी किक दी जब जोएल ऑर्डोनेज ने काई हावर्ट्ज को गिरा दिया था लेकिन वीडियो रिव्यू में पाया गया कि साने ने पहले विटे को फाउल किया था। प्लाटा ने इसके बाद निर्णायक गोल दागा। विटे की कॉर्नर किक पर केविन रोड्रिगेज ने हेडर मारा। जर्मनी के 40 वर्षीय गोलकीपर मैनुएल नुएर गेंद को पकड़ने ही वाले थे कि प्लाटा ने अपने बाएं पैर से गेंद को गोल में डाल दिया। मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद 80,663 लोगों की भीड़ में अधिकतर लोग इक्वाडोर की पीली जर्सी पहने हुए थे। फीफा ने कहा कि इससे दर्शकों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 35,87,539 हो गई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in