धोनी वापसी कब करेंगे इसका फैसला वह खुद करेंगे : सिमंस

सिमंस से पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल के लिए उपलब्ध रहेंगे, उन्होंने कहा, ‘क्या आप सचमुच यह सवाल पूछ रहे हैं। उनके पांव में चोट लगी थी जिससे उन्हें दौड़ने में बहुत दिक्कत हो रही थी और इसलिए वह नहीं खेल पाए।’
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

अहमदाबाद : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी कब वापसी करेंगे इसका फैसला यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज स्वयं करेगा। 44 वर्षीय धोनी पैर में चोट लगने के कारण IPL के इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए लेकिन सिमंस ने कहा कि उन्होंने नेट पर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। सिमंस से पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल के लिए उपलब्ध रहेंगे, उन्होंने कहा, ‘क्या आप सचमुच यह सवाल पूछ रहे हैं। उनके पांव में चोट लगी थी जिससे उन्हें दौड़ने में बहुत दिक्कत हो रही थी और इसलिए वह नहीं खेल पाए।’

उन्होंने कहा, ‘नेट पर अभ्यास के दौरान वह इस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे जैसा वह पहले किया करते थे। लेकिन मैं हमेशा कहता रहा हूं कि इसका फैसला स्वयं धोनी ही करेंगे ही कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं और उनकी वापसी के लिए सही समय क्या है।’ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि धोनी हमेशा व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर टीम के हित को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर उन्हें पता है कि वह फिट नहीं हैं तो वह नहीं खेलेंगे। लेकिन अगर वह फिट होते हैं तो वह जरूर खेलेंगे। वह व्यक्तिगत नहीं बल्कि टीम के हित में फैसला करेंगे। उनके खेलने से टीम को फायदा मिलेगा।’

सिमंस ने स्वीकार किया कि उनकी टीम की फील्डिंग अच्छी नहीं रही जबकि इस विभाग में कड़ी मेहनत की गई थी। उन्होंने कहा, ‘मैं अभी-अभी मैथ्यू हेडन से इसी बारे में बात कर रहा था। हमने इस साल फील्डिंग का काफी अभ्यास किया। मुझे लगता है कि पूरे टूर्नामेंट में हमने कुछ अविश्वसनीय कैच लिए लेकिन कुछ आसान कैच भी छोड़े।’ सिमंस ने कहा, ‘टीम इससे सीख लेकर कैसे आगे बढ़ती है इसका फैसला फील्डिंग कोच करेंगे। लेकिन हमने इस साल अपनी फील्डिंग पर काफी मेहनत की है। सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है।

लेकिन फिर भी हम कुछ शानदार कैच लेते हैं और फिर कुछ आसान कैच छोड़ देते हैं जिससे हैरानी होती है।’ CSK को गुजरात टाइटंस से 89 रन से हार का सामना करना पड़ा और इस तरह से उसने 12 अंकों के साथ अपने अभियान का समापन किया। सिमंस ने कहा कि इस सत्र में CSK के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू टीम के अंदर संतुलन और व्यक्तिगत भूमिकाओं के बारे में बढ़ती समझ रहा।

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि कई सकारात्मक पहलू रहे। हमने एक टीम के रूप में खुद को समझना शुरू कर दिया है। मुझे लगता है कि IPL जीतने का यह महत्वपूर्ण है कि आप अपना संतुलन सही रखें, आपके पास एक ऐसी टीम हो जो खुद को संभाल सके और आपके बदलाव मैच से काफी पहले किए जाएं।’ सिमंस ने कहा, ‘मुझे यह भी पता है कि इस टूर्नामेंट से हमें एक इकाई के रूप में खुद को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली है। यह हमारे लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा।’

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in