डेविस कप क्वालीफायर्स : पहले दौर में फरवरी में कनाडा की मेजबानी करेगा भारत

डेविस कप में केवल एक बार आमने-सामने आये हैं भारत और कनाडा
New Delhi
Devis Cup
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत डेविस कप क्वालीफायर्स के पहले दौर में विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज कनाडा के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेलेगा जिस मुकाबले का आयोजन अगले साल पांच से सात फरवरी तक किया जायेगा। भारत और कनाडा अब तक डेविस कप में केवल एक बार आमने-सामने आये हैं।

इटली के बोलोगना में निकाला गया ड्रॉ

रविवार को इटली के बोलोगना में ड्रॉ निकाला गया। भारत को सितंबर में क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था जबकि कनाडा इस सप्ताह की शुरुआत में फाइनल्स के क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य से हार गया था। यह मुकाबला हाल में हुए अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) के चुनावों के बाद भारतीय टीम का पहला मुकाबला होगा। चुनाव का परिणाम फिलहाल उच्च न्यायालय के पास सीलबंद लिफाफे में रखा गया है।

कप्तानी को लेकर संशय बरकरार

सितंबर 2017 में एडमंटन में खेले गये मुकाबले में भारत को कनाडा के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। आगामी मुकाबला भारतीय टेनिस प्रशासन में नये अध्याय की शुरुआत भी कर सकता है। कप्तान के तौर पर रोहित राजपाल का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त होने वाला है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि कनाडा के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की कमान नया कप्तान संभालेगा या नहीं और क्या आशुतोष सिंह टीम के कोच बने रहेंगे। आशुतोष को AITA की आम सभा में चार उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (SOM) में से एक चुना गया है। राजपाल ने हाल ही में हुए AITA अध्यक्ष पद के चुनाव में भी हिस्सा लिया था।

वह इससे पहले AITA के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राजपाल ने एक भेंट में संकेत दिया था कि वे शायद कप्तान के तौर पर अपने कार्यकाल को विस्तार देने के इच्छुक नहीं हैं। इससे भारत के अगले डेविस कप मुकाबले से पहले टीम के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना कप्तान पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार हो सकते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News