

ग्लास्गो : भारतीय मुक्केबाजों ने बुधवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में विभिन्न भार वर्गों के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पांच और पदक पक्के कर लिए जबकि एथलेटिक्स में तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने शॉट पुट के फाइनल में पहुंचकर पदक की उम्मीदें बरकरार रखीं। अंकुश पंघाल (80 किलो), साक्षी चौधरी (51 किलो), अरुंधति चौधरी (70 किलो), सचिन सिवाच (60 किलो) और नरेंदर बेरवाल (90 किलो से अधिक) ने मुक्केबाजी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे भारत ने दिन में पांचों मुकाबालों में जीत दर्ज की।
बुधवार को मिली पांच जीत के साथ नौ भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं जिससे इस चरण में कम से कम नौ कांस्य पदक पक्के हो चुके हैं। इस उपलब्धि ने बर्मिंघम 2022 में भारत के मुक्केबाजी के कुल पदकों की संख्या को भी पीछे छोड़ दिया है जिसमें देश ने (तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य) सात पदक जीते थे। इससे पहले लवलीना बोरगोहेन (75 किलो), प्रिया घंघास (60 किलो) , प्रीति पवार (54 किलो) और जादूमणि सिंह (पुरुष 55 किलो) मुक्केबाजी में भारत का पदक पक्का कर चुके हैं। वहीं भारतीय शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल और सिंह गिल ने आसानी से आखिरी दौर के लिये क्वालीफाई कर लिया। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तूर ने दो प्रयासों में ही ग्रुप ए से 20 मीटर का स्वत: क्वालीफिकेशन मार्क हासिल कर लिया। उनका पहला प्रयास 19.93 मीटर और दूसरा 20.14 मीटर था। उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया ।
ग्रुप बी से गिल का सर्वश्रेष्ठ प्रयास पहला ही था जिसमें उन्होंने 19.95 मीटर का थ्रो फेंका। दूसरा थ्रो 19.75 मीटर और तीसरा फाउल रहा। ट्रैक एवं फील्ड में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजूर ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए 200 मीटर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 23 वर्ष के कुजूर ने 20.46 सेकेंड का समय निकालकर पहले दौर में चौथी हीट में जीत दर्ज की और कुल सातवें स्थान पर रहे। दस हीट में से 16 सबसे तेज धावक बृहस्पतिवार को होने वाले सेमीफाइनल में खेलेंगे। कुजूर के नाम 20.32 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। भारतीय भारोत्तोलक संजना महिलाओं के 77 किलोवर्ग से बाहर हो गई जब स्नैच में उनके तीनों प्रयास विफल रहे।
19 वर्ष की संजना 94 किलो का लक्ष्य तीनों प्रयास में हासिल नहीं कर सकी जिससे क्लीन एंड जर्क के पहले ही उनकी चुनौती समाप्त हो गई। पूल में भी इसी तरह का प्रदर्शन रहा जिसमें भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाशऔर अनीश गौड़ा पुरूषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में नहीं पहुंच सके। साजन अपनी हीट में पांचवें तथा कुल 20वें स्थान पर रहे । 32 वर्ष के साजन भारत के ही अनीश गौड़ा से भी पीछे रहे जो पदार्पण करते हुए 1:51.64 सेकेंड का समय निकालकर 18वें स्थान पर रहे । साजन एक 1:51.99 सेकंड का समय निकालकर काफी पीछे थे। हालांकि पैरा तैराकी में भारत के लिए अच्छी खबर रही। सुयश नारायण जाधव और चैतन्य विश्वास कुलकर्णी ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस-7 स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर लिया।