CWG 2026 Day 2 : भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की

लॉन बॉल्स महिला पेयर्स में रूपा रानी टिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर सेक्शन बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत किया
CWG 2026 Day 2 : भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की
Published on

ग्लास्गो : भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन बॉल्स की महिला पेयर्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी रूपा रानी टिर्की (लीड) और पिंकी सिंह (स्किप) ने स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) हॉल-3 में खेले गए सेक्शन बी के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी थाबेलो मुव्हांगो (लीड) और जैकी जैनसे वैन रेंसबर्ग (स्किप) को 2-0 से हराया।

भारत ने दोनों सेट 6-4 और 7-5 से अपने नाम किए। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन भारतीय जोड़ी ने पूरे मुकाबले में बेहतर नियंत्रण बनाए रखा। इस जीत के साथ भारत सेक्शन बी की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। इससे पहले गुुरुवार को भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में माल्टा को रोमांचक टाई-ब्रेकर में मात दी थी।

रूपा रानी और पिंकी दोनों 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला फोर टीम का हिस्सा थीं। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन बॉल्स कार्यक्रम से पुरुष और महिला फोर स्पर्धाओं को हटा दिया गया है। इस बार ग्लास्गो खेलों में पुरुष और महिला एकल तथा पेयर्स स्पर्धाओं को शामिल किया गया है। भारत ने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष फोर स्पर्धा में रजत पदक भी जीता था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in