35 घंटे गोल्फ खेलकर बनाया नया ‘विश्व रिकॉर्ड'

केलेची एजीही नाम के इस खिलाड़ी ने शुरू में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए 24 घंटे खेलने की योजना बनाई थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उन्हें पता चला कि मई में नॉर्वे के एक कोर्स पर एक ब्रिटिश गोल्फर लगातार 32 घंटे खेला था
 35 घंटे गोल्फ खेलकर बनाया नया ‘विश्व रिकॉर्ड'
Published on: 

न्यूयॉर्क : न्यूयॉर्क के एक गोल्फर ने लगातार सबसे अधिक घंटे गोल्फ खेलने का रिकार्ड बनाने का दावा किया है। उन्होंने लॉन्ग आइलैंड के एक कोर्स पर रविवार शाम से मंगलवार सुबह तक लगातार 35 घंटे गोल्फ खेली। केलेची एजीही नाम के इस खिलाड़ी ने शुरू में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए 24 घंटे खेलने की योजना बनाई थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उन्हें पता चला कि मई में नॉर्वे के एक कोर्स पर एक ब्रिटिश गोल्फर लगातार 32 घंटे खेला था। उन्होंने बताया कि उनकी बहन ने इंटरनेट पर सर्च करते समय 32 घंटे का रिकॉर्ड देखने के बाद उन्हें फोन किया था।

एजीही ने इसके बाद पूरी प्रतिबद्धता दिखाई तथा बारिश, थकान और पैरों में दर्द के बावजूद हार नहीं मानी और आखिर में ब्रिटेन के आइजैक रोलैंड्स को पीछे छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने कहा, ‘मुझे यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि मैं विश्व चैंपियन हूं। यह एक ऐसा अवसर है जो बहुत से लोगों को नहीं मिलता। यह निश्चित रूप से कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैं भविष्य में अपने बच्चों और अपने पोते पोतियों को जरूर बताऊंगा।’ अपने दोस्तों, टॉर्च और अंधेरे में चमकने वाली गोल्फ गेंदों के साथ 27 वर्षीय एजीही ने रविवार को शाम लगभग 6:30 बजे हंटिंगटन क्रीसेंट क्लब में खेलना शुरू किया और मंगलवार सुबह 5:30 बजे के बाद अपना अंतिम पुट लगाया।

इस बीच उन्होंने कुल 126 होल खेले। उन्होंने बताया कि उनके दोस्तों ने पूरे खेल का वीडियो बनाया और अन्य लोगों ने गवाह के तौर पर काम किया ताकि इसे गिनीज रिकॉर्ड की मंजूरी मिल सके। गिनीज के नियमों के तहत उन्हें हर घंटे पांच मिनट का ब्रेक दिया गया। यही नहीं उन्होंने नियमों का पालन करते हुए हर राउंड के आखिर में 20 मिनट का ब्रेक भी लिया। लंदन स्थित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रवक्ता काइली गैलोवे ने कहा कि संस्था के विशेषज्ञों को सबूतों की समीक्षा करने और यह घोषित करने में 12 से 15 सप्ताह लगते हैं कि कोई रिकॉर्ड बनाया गया है या नहीं। उन्होंने कहा कि अभी किसी के भी नाम पर सबसे लंबे समय तक लगातार गोल्फ खेलने का रिकॉर्ड दर्ज नहीं है और जो कोई भी आवेदन करता है उसे कम से कम 24 घंटे खेलना चाहिए।  

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in