चाइना मास्टर्स : लक्ष्य पहले दौर में बाहर, श्रीकांत आगे बढ़े

लक्ष्य सेन की लगातार गलतियों से पहली ही बाधा पर रोक, किदांबी श्रीकांत और ध्रुव-तनीशा की जोड़ी ने जीत के साथ दूसरे दौर में किया प्रवेश
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

शेनझेन : भारत के लक्ष्य सेन कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के कारण बुधवार को यहां चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में ही बाहर हो गए, जबकि किदांबी श्रीकांत दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने लगातार गलतियां की और विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी लाई से 38 मिनट में 14-21, 7-21 से हार गए। लाई ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता था। यह लक्ष्य की कनाडाई खिलाड़ी के हाथों तीसरी हार थी। उन्होंने लाई के खिलाफ एकमात्र जीत इसी साल मार्च में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हासिल की थी।

भारत के अनुभवी खिलाड़ी श्रीकांत ने हालांकि पुरुष एकल के एक अन्य मैच में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी थाईलैंड के टोन्नाकोर्न साएहेंग और टोनिचा साएहेंग को 21-8, 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। लक्ष्य के लिए पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे रहे हैं। वह नयी दिल्ली में खेली गई विश्व चैंपियनशिप में भी जल्दी बाहर हो गए थे। लाई के खिलाफ बुधवार को यहां उन्हें शुरू से ही संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने लगातार कई गलतियां की जिसका कनाडा के खिलाड़ी ने पूरा फायदा उठाया।

पहले गेम में लक्ष्य ने 4-0 से शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन लाई ने जल्द ही नियंत्रण हासिल कर लिया। उन्होंने लक्ष्य को लय हासिल नहीं करने दी और आसानी से पहला गेम अपने नाम कर दिया। लक्ष्य दूसरे गेम में भी किसी भी समय लय में नहीं दिखे और उनकी निराशा बढ़ती गई क्योंकि लाई लगातार दबाव बनाए रखकर उन्हें गलतियां करने के लिए मजबूर करते रहे। लक्ष्य इंटरवल तक 4-11 से पीछे थे और वापसी करने में नाकाम रहे, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बिना किसी परेशानी के मैच अपने नाम कर लिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in