Champions Trophy 2025 : भारतीय अंपायर नितिन मेनन पाकिस्तान नहीं जायेंगे

नितिन मेनन ने पाकिस्तान दौरे से किया इनकार
नितिन मेनन
नितिन मेनन
Published on: 

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के एलीट पैनल के अंपायरों में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि नितिन मेनन ने व्यक्तिगत कारणों से इस महीने पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में अंपायरिंग से बाहर होने का विकल्प चुना है। आईसीसी ने बुधवार को 15 मैच अधिकारियों की सूची की घोषणा की जिसमें तीन मैच रेफरी और 12 अंपायर शामिल हैं जो 19 फरवरी को कराची में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के अधिकारी होंगे जिसका फाइनल नौ मार्च को होगा। ऑस्ट्रेलिया के डेविड बून, श्रीलंका के रंजन मदुगले और जिम्बाब्वे के एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट को आठ टीमों के टूर्नामेंट के लिए मैच रेफरी के रूप में नामित किया गया है।

यह टूर्नामेंट पाकिस्तान में तीन जगह कराची, लाहौर और रावलपिंडी में आयोजित किया जाएगा जबकि भारत सुरक्षा चिंताओं के कारण अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा जिसमें शुरूआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने को बताया, ‘आईसीसी उन्हें (मेनन) चैंपियंस ट्रॉफी की टीम में शामिल करना चाहता था। लेकिन उन्होंने निजी कारणों से पाकिस्तान नहीं जाने का फैसला किया।’

मेनन दुबई में होने वाले मैचों में अंपायर नहीं हो सकते थे क्योंकि आईसीसी तटस्थ अंपायरों की नियुक्ति की नीति का पालन करता है। विश्व संस्था ने अधिकारियों की सूची जारी करने के लिए अपने बयान में मेनन पर कोई टिप्पणी नहीं की। टूर्नामेंट के लिए चुने गए तीनों मैच रेफरी अनुभवी हैं। आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘12 अंपायरों का एक प्रतिष्ठित पैनल आठ टीम के इस टूर्नामेंट में अंपायरिंग करेगा जिसमें से छह अंपायर 2017 के चरण में शामिल थे जिनमें रिचर्ड केटलबोरो भी शामिल हैं जो पिछली चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में अंपायरिंग कर चुके हैं।’

मैच अधिकारी

अंपायर : कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफनी, माइकल गॉ, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबोरो, अहसान रजा, पॉल रीफेल, शारफुद्दौला इब्ने शाहिद रॉडनी टकर, एलेक्स व्हार्फ, जोएल विल्सन।

मैच रेफरी : डेविड बून, रंजन मदुगले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in