BWF World Chamipnship : सात्विक-चिराग की जोड़ी हारी

क्वार्टर फाइनल में चीनी जोड़ी से सीधे गेमों में हारकर सात्विक-चिराग का तीसरे विश्व पदक का सपना टूटा, जबकि तृषा-गायत्री ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया
BWF World Chamipnship : सात्विक-चिराग की जोड़ी हारी
Published on

नयी दिल्ली : सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी का BWF (विश्व बैडमिंटन महासंघ) विश्व चैंपियनशिप में तीसरा पदक जीतने का सपना शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी से सीधे गेम में हार के साथ टूट गया। दुनिया की पांचवें नंबर की भारतीय जोड़ी को चीन के पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता जोड़ी ने 36 मिनट में 21-18, 21-9 से हराया। सात्विक और चिराग ने 2022 और 2025 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते थे। हालांकि इससे पहले तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला यु्गल जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ पदक पक्का कर भारतीय प्रशंसकों को खुशी मनाने का मौका दिया।

भारतीय जोड़ी ने चीन की जिया यी फान और झांग शू शियान को एक घंटे नौ मिनट चले मुकाबले में 16-21, 21-15, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपना कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। इससे पहले ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने लंदन में 2011 में महिला युगल में विश्व चैंपियनशिप का पदक जीता था। सात्विक और चिराग का इस जोड़ी के खिलाफ पिछला रिकॉर्ड भी अनुकूल नहीं था। भारतीय जोड़ी ने चार मुकाबले जीते थे, जबकि नौ बार हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत की और जोरदार रैलियों के बीच चीनी जोड़ी को कड़ी टक्कर दी। दोनों जोड़ियां 4-4, 8-8 और 10-10 की बराबरी पर रहीं।

सात्विक और चिराग ने मिडकोर्ट पर अच्छी पकड़ बनाते हुए ब्रेक तक एक अंक की बढ़त कायम रखी। इसके बाद कोण बनाकर लगाए गए रिटर्न से भारतीयों ने 15-12 की बढ़त बनाई और तेज फ्लैट रैलियों के बाद स्कोर 16-14 कर दिया। लेकिन चिराग की नेट पर हुई गलती और वांग के कूद कर लगाये जोरदार स्मैश ने चीन की जोड़ी को 17-18 तक पहुंचा दिया। सात्विक का शॉट बाहर जाने से स्कोर 18-18 हुआ। इसके बाद लियांग के स्मैश और चिराग की एक और नेट गलती से चीन को दो गेम प्वाइंट मिले, जिसमें दूसरे मौके को उसने भारतीयों की लगातार चौथी गलती के साथ भुना लिया। दूसरे गेम में लियांग और वांग ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की और तेज रैलियों पर दबदबा बनाते हुए 9-4 की बढ़त हासिल कर ली।

चिराग ने सर्विस पर दो गलतियां भी कीं और पहले गेम की आखिरी गलतियों के बाद उनकी निरंतरता प्रभावित हुई। चीन की जोड़ी ब्रेक तक 11-5 से आगे थी। लियांग और वांग ने शटल को बेहद सपाट रखते हुए अलग-अलग कोणों से शॉट लगाकर भारतीय जोड़ी को संभलने का मौका नहीं दिया और उन्होंने 15-7 की बढ़त बना ली। खासकर लियांग ने भारतीयों की योजना को पहले भांपने और तेज गति से रिटर्न करने के मामले में शानदार खेल दिखाया। इसके बाद बीच से सीधा शॉट लगाकर उन्होंने दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच से शटल निकालते हुए बढ़त और मजबूत कर दी। सात्विक के नेट में शॉट मारने से स्कोर 17-9 हुआ। बड़ी बढ़त के कारण चीन की जोड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता गया, जबकि भारतीयों की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगीं। सात्विक का एक और प्रयास नेट नेट से टकरने बाद वांग और लियांग को नौ मैच प्वाइंट मिले और उन्होंने शानदार सर्विस के साथ पहले ही मौके पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।  

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in