सिंधु की जीत, लक्ष्य और प्रणय हारे

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप
सिंधु की जीत, लक्ष्य और प्रणय हारे
Published on: 

चीन : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बुधवार को यहां इंडोनेशिया की ईस्टर नुरुमी वारडोयो को सीधे गेम में हराकर बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन लक्ष्य सेन पुरुष एकल के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। सिंधु ने 36वें नंबर की खिलाड़ी वारडोयो को 44 मिनट में 21-15, 21-19 से हराया। सिंधु गुरुवार को प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी और तीसरी वरीय जापान की अकाने यामागुची से भिड़ेंगी। इस बीच लक्ष्य को पहले दौर में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के उप विजेता चीनी ताइपे के ली चिया हाओ के खिलाफ सीधे गेम में 18-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।

एचएस प्रणय को भी पुरुष एकल के पहले दौर में चीन के झू गुआंग ल्यु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। लय हासिल करने के लिए जूझ रहे प्रणय को चीन के अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक घंटा और आठ मिनट चले मुकाबले में 16-21, 21-12, 11-21 से हार झेलनी पड़ी। किरण जॉर्ज ने हालांकि कजाकिस्तान के दमित्री पनारिन को 35 मिनट में 21-16, 21-8 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। महिला एकल में आकर्षी कश्यप और अनुपमा उपाध्याय भी अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। आकर्षी को दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की हेन युई के खिलाफ 31 मिनट में 13-21, 7-21 से हार झेलनी पड़ी जबकि अनुपमा को दुनिया की 13वें नंबर की खिलाड़ी और आठवीं वरीय थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन के खिलाफ 36 मिनट में 13-21, 14-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

महिला युगल में प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को चीनी ताइपे की शुओ युन सुंग और चिएन हुई यू के खिलाफ सीधे गेम में 35 मिनट में 11-21, 13-21 से हार मिली। पुरुष युगल में हरिहरन अमसाकरुनन और रूबन कुमार रेथिनासभापति ने मधुका दुलानजाना और लाहिरू वीरासिंघू की श्रीलंका की जोड़ी को सिर्फ 19 मिनट में 21-3, 21-12 से हराया। पृथ्वी कृष्णमूर्ति राय और साई प्रतीक के की भारतीय जोड़ी को हालांकि चियु सियांग चीह और वेंग चीन लिन की जोड़ी के खिलाफ 19-21, 12-21 से हार झेलनी पड़ी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in