ATP Ranking : नागल शीर्ष 100 से बाहर, बोपन्ना भी...

शीर्ष 100 से बाहर हुए नागल, बोपन्ना की रैंकिंग में भी गिरावट
ATP Ranking : नागल शीर्ष 100 से बाहर, बोपन्ना भी...
Published on

नयी दिल्ली : भारत के सुमित नागल एटीपी टेनिस एकल रैंकिंग में लगातार 10 महीने शीर्ष 100 में रहने के बाद लचर प्रदर्शन के कारण सोमवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में इससे बाहर हो गए जबकि ऑस्ट्रेलियाई ओपन में जल्दी हारने के कारण अनुभवी रोहन बोपन्ना भी अब युगल रैंकिंग में शीर्ष 20 खिलाड़ियों का हिस्सा नहीं हैं। नागल मार्च 2024 से शीर्ष 100 खिलाड़ियों में शामिल थे। उन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ओपन में अच्छे प्रदर्शन की बदौलत फरवरी 2024 में पहली बार शीर्ष 100 एकल खिलाड़ियों की सूची में जगह बनाई थी। नवीनतम रैंकिंग में वह हालांकि 16 स्थान के नुकसान से 106वें नंबर पर खिसक गए हैं। उनके 565 अंक हैं। 

नागल के बाद शशिकुमार मुकुंद 365वें स्थान पर हैं। उन्हें दो स्थान का फायदा हुआ है। रामकुमार रामनाथन एक स्थान के नुकसान से 406वें जबकि उनके बाद करण सिंह (20 स्थान के नुकसान से 496वें स्थान पर) और आर्यन शाह (नौ स्थान के नुकसान से 593वें स्थान पर) का नंबर आता है। बोपन्ना युगल रैंकिंग में पांच स्थान के नुकसान से 21वें स्थान पर खिसक गए हैं। बोपन्ना तीन अक्टूबर 2022 से नियमित तौर पर शीर्ष 20 में शामिल हैं। 

युकी भांबरी 47वें स्थान पर बने हुए हैं जबकि उनके बाद एन श्रीराम बालाजी (एक स्थान के फायदे से 64वें स्थान पर), रित्विक चौधरी बोल्लीपल्ली (सात स्थान के नुकसान से 79वें स्थान पर) और अर्जुन काधे (एक स्थान के फायदे से 83वें स्थान पर) का नंबर आता है। मुकुंद रामकुमार, बालाजी, करण सिंह और बोल्लीपल्ली भारतीय डेविस कप टीम का हिस्सा हैं जो एक और दो फरवरी को विश्व ग्रुप एक प्ले ऑफ मुकाबले में टोगो से भिड़ेगी। नागल और युकी ने स्वयं को डेविस कप मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रखा है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in