एस्टन विला ने कई दशकों का सूखा खत्म किया

1996 के इंग्लिश लीग कप के बाद यह पहला मौका था जब एस्टन विला ने कोई बड़ा खिताब जीता है।
एस्टन विला ने कई दशकों का सूखा खत्म किया
Francisco Seco
Published on

इस्तांबुल : एस्टन विला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां फ्रीबर्ग को 3-0 से हराकर यूरोपा लीग खिताब जीत लिया और 30 साल से चले आ रहे ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया। विला के समर्थक प्रिंस विलियम ने मैच खत्म होने की सीटी बजते ही जीत का जोर शोर से जश्न मनाया। 1996 के इंग्लिश लीग कप के बाद यह पहला मौका था जब एस्टन विला ने कोई बड़ा खिताब जीता है। इंग्लैंड के भावी ‘किंग’ के सामने एस्टन विला के मैनेजर उनाई एमरी ने यूरोपा लीग के राजा के तौर पर अपना दर्जा फिर से साबित कर दिया। एमरी का यह रिकॉर्ड पांचवां खिताब है।

एस्टन विला की पिछली बड़ी ट्रॉफी 1996 में इंग्लिश लीग कप थी। क्लब ने 1982 में यूरोपीय कप और फिर सुपर कप जीता था। इस तरह पहली बार यूरोपीय कप जीतने के बाद यह ट्रॉफी 44 साल बाद मिली। पहले हाफ में यूरी टिलेमैन्स और एमी बुएंडिया के शानदार गोल ने एस्टन विला को मैच में दबदबा बनाने में मदद की। जिसके बाद मॉर्गन रोजर्स के गोल ने टीम को दूसरा मेजर यूरोपीय खिताब दिला दिया। 1982 की उस टीम के नौ सदस्य स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने उनाई एमरी को अपना पांचवां यूरोपा लीग खिताब जीतते हुए देखा।

एमरी ने नवंबर 2022 में स्टीवन जेरार्ड की जगह ली थी, उस समय विला ‘रेलिगेशन जोन’ से सिर्फ तीन अंक ऊपर था। स्पेनिश कोच एमरी ने टीम को बदलकर शीर्ष पांच दावेदारों में शामिल कर दिया और अब, उसे एक यूरोपीय चैंपियन बना दिया है। एमरी ने 2014-16 तक सेविल्ला के साथ लगातार तीन साल और फिर 2021 में विलारियाल के साथ यह खिताब जीता। अब उन्होंने ‘विला’ नाम वाली तीसरी टीम को खिताब तक पहुंचाया है। जर्मनी की टीम फ्रीबर्ग 10 साल पहले दूसरे डिवीजन में खेल रही थी लेकिन अपने पहले यूरोपीय फाइनल में पूरी तरह से पिछड़ गई।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in