रोहित पर रहेंगी निगाहें, न्यूजीलैंड के खिलाफ शृंखला जीतने उतरेगा भारत

भारत-न्यूजीलैंड तीसरा वन-डे आज, टीम में बदलाव की संभावना कम
Hamilton
विजयी बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगा भारत
Published on: 

हैमिल्टन : अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं लेकिन भारत मंगलवार को यहां तीसरे एकदिवसीय में चोटों से जूझ रही न्यूजीलैंड की टीम को हराकर पांच मैच की शृंखला में विजयी बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगा। हालांकि तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियां भारतीय शीर्ष क्रम के लिए चुनौती पेश कर सकती हैं।

शुभमन भी सहज नजर नहीं आये

भारत पांच मैच की शृंखला में 2-0 से आगे है लेकिन ईडन पार्क में विराट कोहली की शानदार पारी को छोड़ दें तो कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी रोहित सहित अन्य बल्लेबाज तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों में सहज नजर नहीं आये हैं। गिल की प्राथमिकता तीसरे मैच में ही शृंखला जीतना होगी क्योंकि वह अंतिम दो मुकाबलों में नहीं खेलेंगे।

उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में होने वाले पहले टेस्ट की तैयारी के लिए अपना ध्यान लाल गेंद के क्रिकेट पर लगाना होगा। तीसरे एकदिवसीय में अच्छी पारी खेलकर शृंखला भारत के नाम करने से गिल का टेस्ट शृंखला से पहले आत्मविश्वास बढ़ेगा। अंतिम दो एकदिवसीय में टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे।

ये दोनों मुकाबले टाउरंगा में खेले जायेंगे। सेडन पार्क में तीसरा मुकाबला भी बारिश से प्रभावित हो सकता है। ठंडी और गीली परिस्थितियों के कारण एक बार फिर तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त स्विंग और उछाल मिल सकता है जिससे बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

रोहित को बेहतर प्रदर्शन करना होगा

ऐसे हालात में 39 वर्षीय पूर्व कप्तान रोहित को शृंखला के शुरुआती दो मैच में बनाये गये शून्य और 23 रन के स्कोर से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पिछले एक साल में रोहित ने अपने बल्लेबाजी के अंदाज में बदलाव किया है।

अब वह आक्रामक रुख अपनाने से पहले पारी की नींव मजबूत करने को प्राथमिकता देते हैं। वर्ष 2023 के एकदिवसीय विश्व कप तक उनके जोखिम लेकर आक्रामक बल्लेबाजी करने के अंदाज की तुलना में यह स्पष्ट बदलाव है लेकिन इस रणनीति के परिणाम मिलेजुले रहे हैं।

राहुल से पहले अक्षर को भेजने की रणनीति पर दोबारा विचार

भारत के विजयी संयोजन में बदलाव करने की संभावना कम है लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर पांचवें नंबर पर लोकेश राहुल से पहले अक्षर पटेल को भेजने की रणनीति पर दोबारा विचार कर सकते हैं। राहुल ने वेलिंगटन में नाबाद 26 रन की संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली पारी खेलकर टीम को मुश्किल से निकाला था।

राहुल से पहले अक्षर को भेजने का फैसला मध्यक्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए किया गया था क्योंकि शीर्ष चारों बल्लेबाज दाएं हाथ के हैं। हालांकि अतिरिक्त स्विंग और असमान उछाल वाली परिस्थितियां अक्षर की बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं हैं। अक्षर टीम में एकमात्र विशेषज्ञ स्पिनर हैं और शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाज नियमित रूप से गेंदबाजी नहीं करते।

ऐसे में गंभीर के पास उस स्थान पर इशान किशन जैसे अधिक आक्रामक बल्लेबाज को उतारने का विकल्प भी नहीं है। उम्मीद है कि अंतिम दो मैच में राहुल की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किशन संभालेंगे। कर्नाटक का यह बल्लेबाज टेस्ट टीम से जुड़ जायेगा।

गेंदबाजों पर भी दारोमदार

तेज गेंदबाजी विभाग में आकिब नबी ने विकेट चटकाए हैं जबकि गुरनूर बरार, अंशुल कंबोज और अर्शदीप सिंह ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। हालांकि गेंदबाजों की सफलता में अनुकूल परिस्थितियों की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। टेस्ट मैच शुरू होने में केवल 10 दिन बाकी हैं और इस मुकाबले में मोहम्मद सिराज को खिलाने का कोई खास औचित्य नजर नहीं आता।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News