अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों के भव्य आयोजन के लिए तैयार

रुकारे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी केटी सैडलियर और खेलों के निदेशक डैरेन हॉल की तीन सदस्यीय टीम ने आठ से 10 अप्रैल तक कई शहरों का दौरा किया जिसमें अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा और गुजरात के एकता नगर में प्रमुख स्थलों और बुनियादी ढांचे की व्यापक समीक्षा की गई
अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों के भव्य आयोजन के लिए तैयार
Published on

नयी दिल्ली : राष्ट्रमंडल खेल (CS) अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे ने शुक्रवार को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद में भारत की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि देश ‘चार साल के समय में एक भव्य आयोजन के लिए तैयार है।’ रुकारे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी केटी सैडलियर और खेलों के निदेशक डैरेन हॉल की तीन सदस्यीय टीम ने आठ से 10 अप्रैल तक कई शहरों का दौरा किया जिसमें अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा और गुजरात के एकता नगर में प्रमुख स्थलों और बुनियादी ढांचे की व्यापक समीक्षा की गई। इस दौरे में महात्मा मंदिर, वीर सावरकर खेल परिसर, नरेंद्र मोदी स्टेडियम और IIT गांधीनगर जैसे प्रतियोगिता स्थलों का निरीक्षण शामिल था।

साथ ही गुजरात के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और शहर प्रशासन के साथ बैठकें भी की गईं। रुकारे ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘जो हमने कल और परसों देखा, उससे यह बिल्कुल स्पष्ट है कि उपलब्ध सुविधाओं के साथ भारत इस आयोजन के लिए तैयार है। इसलिए हम यहां से भरोसे के साथ लौट रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जब 2030 में खिलाड़ी यहां आएंगे, तो उन्हें केवल खेल कार्यक्रम के लिहाज से हीं नहीं बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी एक शानदार अनुभव मिलेगा।’ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हालांकि 2030 राष्ट्रमंडल खेल के खेल कार्यक्रम की स्पष्ट तस्वीर नहीं दी। रुकारे ने बताया कि सूची में 16-17 खेल शामिल हो सकते हैं और पूरा खेल कार्यक्रम 2027 की पहली छमाही में घोषित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘हम शहर, देश और अपने सहयोगियों राष्ट्रमंडल खेल भारत (IOA) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम खेल कार्यक्रम को मिलकर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर अहमदाबाद विभिन्न प्रकार के आयोजनों की मेजबानी कर सकता है।’ एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, तैराकी और पैरा तैराकी, टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस, बॉल्स और पैरा बॉल्स, भारोत्तोलन और पैरा पावरलिफ्टिंग, कलात्मक जिम्नास्टिक्स, नेटबॉल और मुक्केबाजी को पुष्टि की गई स्पर्धाओं में शामिल किया गया है। T-20 क्रिकेट और हॉकी को देश में इन खेलों की लोकप्रियता को देखते हुए सूची में शामिल किए जाने की संभावना है।

लेकिन दौरे पर आई टीम और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अधिकारी इस पर स्पष्ट रूप से कुछ कहने से बचते रहे। IOA अध्यक्ष PT उषा से जब पूछा गया कि क्या भारत ने T-20 क्रिकेट का प्रस्ताव रखा है तो उन्होंने कहा, ‘बहुत जल्द वह (रुकारे) इसकी घोषणा करेंगे। सकारात्मक सोचिए।’ हॉकी, रग्बी सेवन्स और T-20 क्रिकेट में से दो खेल राष्ट्रमंडल खेलों में अनिवार्य होते हैं। जब 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के बहु-शहर आयोजन होने की संभावना के बारे में पूछा गया तो रुकारे ने कहा, ‘हम इसका आकलन कर रहे हैं। स्थानीय आयोजन समिति के गठन सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर काम किया जाना बाकी है और हम विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in