भारत और जापान के बीच होगा T-20 मुकाबला

भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर सानो में होने वाला यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल की शुरुआत करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच खेल सहयोग और लोगों के आदान-प्रदान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है
भारत और जापान के बीच होगा T-20 मुकाबला
Published on

नयी दिल्ली : भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी।भारत 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेगा। जापान के खिलाफ सानो में होने वाला यह T-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम को महत्वपूर्ण मैच अभ्यास देगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक बयान में कहा, ‘जापान क्रिकेट संघ और BCCI को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि दोनों देशों की पुरुष टीम भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के समारोह की शुरुआत के लिए एक T-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगी।’

दोनों टीमें तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट मैदान में सुजुकी कप के लिए मुकाबला करेंगी। इस बयान में आगे कहा गया, ‘यह मैच ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम होगा। यह पहल जापानी प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच शिखर वार्ता के दौरान हुए समझौते से शुरू हुई है। इसका उद्देश्य खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है। इसमें 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को भी ध्यान में रखा गया है।’

भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे जबकि टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में उप-कप्तान तिलक वर्मा, संजू सैमसन और 15 वर्षीय किशोर वैभव सूर्यवंशी शामिल हैं। भारत एशियाई खेलों का गत चैंपियन है। टीम ने पिछले चरण में चीन के हांगझोउ में स्वर्ण पदक जीता था। अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल बारिश के कारण रद्द हो गया था और बेहतर T-20 अंतरराष्ट्रीय वरीयता के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया था। नॉकआउट चरण में सीधे जगह पाने वाला भारत 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल से अपने एशियाई खेलों के अभियान की शुरुआत करेगा।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत-जापान मुकाबला क्रिकेट को अपना दायरा बढ़ाने और नए, अब तक अनछुए क्षेत्रों तक पहुंच बनाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। सैकिया ने कहा, ‘BCCI इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर बेहद खुश है, जब भारतीय और जापानी पुरुष टीमें जापान में एक विशेष T-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए एक साथ उतरेंगी। क्रिकेट के लिए यह एक महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि भारतीय टीम एक नए क्षेत्र में जा रही है और इससे जापान तथा पूर्वी एशिया में इस खेल को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।’

उन्होंने कहा, ‘भारत और जापान के बीच मजबूत संबंध हैं। हमें खुशी है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाले समारोह में क्रिकेट भी शामिल होगा। इस मुकाबले को संभव बनाने के लिए हम जापान क्रिकेट संघ के प्रयासों के लिए उसका धन्यवाद करते हैं।’ उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बोर्ड होने के नाते यह उसकी जिम्मेदारी है कि खेल को उसके पारंपरिक गढ़ों से बाहर निकालकर नए क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा, ‘BCCI का मानना है कि क्रिकेट का विकास उसके पारंपरिक क्षेत्रों से आगे भी होना चाहिए। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बोर्ड के रूप में हम इस विकास में योगदान देने की अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं।’

सैकिया ने कहा, ‘BCCI जापान में क्रिकेट को और मजबूत करने तथा आने वाले वर्षों में इस रिश्ते को और आगे बढ़ाने के लिए जापान क्रिकेट संघ के साथ मिलकर काम करेगा।’ जापान क्रिकेट संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी मियाजी ने कहा, ‘मौजूदा विश्व चैंपियन टीम को जापान में आमंत्रित कर पाना हमारे संघ के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।’ उन्होंने कहा, ‘इस लक्ष्य की दिशा में हमारे साथ काम करने के लिए हम BCCI का धन्यवाद करते हैं। हम भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के जुनून का स्वागत करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। साथ ही हम क्रिकेट के प्रति उत्सुक स्थानीय जापानी लोगों को भी इस बेहद यादगार मौके पर हमारी टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in