

गंगटोक : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सिक्किम दौरे के दौरान शेरेथांग स्थित युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के वीर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण को याद किया।
शेरेथांग पहुंचने पर रक्षा मंत्री का स्वागत गंगटोक के जिला कलेक्टर रोहन अगवाने, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. छिरिंग नामग्याल ग्याछो, गृह विभाग के संयुक्त सचिव जॉन गुरुंग तथा भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। अपने संक्षिप्त संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए जवानों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसी के कारण आज देशवासी सुरक्षित वातावरण में दीपावली के दीप जला पा रहे हैं। उनके बलिदान ने देश की संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखा है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति भी सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
इस दौरान रक्षा मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात रक्षा कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कठिन भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के बावजूद देश की सीमाओं की सुरक्षा में जुटे जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की।
इसके अलावा राजनाथ सिंह ने प्रसिद्ध बाबा हरभजन सिंह मंदिर का भी दौरा किया और श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। उल्लेखनीय है कि यह मंदिर भारतीय सेना के जवानों के बीच विशेष धार्मिक और भावनात्मक महत्व रखता है। मंदिर दर्शन के बाद रक्षा मंत्री बागडोगरा के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर विशेष शाखा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गेगे नोरबू नामचांगकोर्पा, एएसपी विशेष शाखा संतोष बनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।