

कोलकाता : राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए कई लोगों को संदेश भेजे और खुद को मंत्री बताकर पैसों की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री ने अलीपुरद्वार के पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कराई और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, मंत्री के नंबर से एक व्यक्ति को संदेश भेजकर कहा गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल पैसों की आवश्यकता है। जब संबंधित व्यक्ति ने राशि के बारे में पूछा तो पहले 25 हजार रुपये भेजने का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही एक क्यूआर कोड भी साझा किया गया, ताकि रकम सीधे ट्रांसफर की जा सके। हालांकि, जब उस व्यक्ति ने इतनी बड़ी राशि यूपीआई के माध्यम से भेजने में असमर्थता जताई, तो ठगों ने 2 हजार रुपये भेजने का अनुरोध किया।
मामले की जानकारी मिलते ही दीपक बर्मन ने स्पष्ट किया कि उनके व्हाट्सऐप अकाउंट से भेजे गए ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनके नंबर से किसी को पैसे मांगने का संदेश प्राप्त होता है तो तत्काल उसकी अनदेखी करें और इसकी सूचना पुलिस को दें।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हैकिंग किस तरह की गई तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या क्यूआर कोड के आधार पर धनराशि स्थानांतरित करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर उसकी पुष्टि अवश्य कर लें।