

सिलीगुड़ी : काली पूजा और दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने विभिन्न इलाकों में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों के दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किये गये हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बागडोगरा हाट में बागडोगरा थाना की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान मोहम्मद सरफराज (19) और बापी सेन (30) को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाइयों में करीब 40 किलो पटाखे जब्त किये गये। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाये गये थे और इन्हें किन स्थानों पर बिक्री के लिए भेजा जाना था।
वहीं, एनजेपी थाना की पुलिस ने एक अन्य अभियान में कुर्बान अली (59) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 21.6 किलो पटाखे बरामद हुए। जब्त पटाखों में 223 पैकेट शामिल हैं, जिनमें कुल 4,948 पटाखे थे। इसके अलावा सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत हॉकर्स कॉर्नर में डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की टीम ने छापेमारी कर राजू साहा (46) को गिरफ्तार किया। उसके पास से प्रतिबंधित पटाखे बरामद किये गये।
गौरतलब है कि त्योहारों के दौरान प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से बाजारों और संभावित बिक्री केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है। सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद पटाखों के स्रोत और इनके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।