

कालिम्पोंग: भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) के अध्यक्ष अनित थापा ने बुधवार को कालिम्पोंग में सांगठनिक एवं राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पहाड़ में क्षेत्रवाद को बचाना आज सबसे बड़ा मुद्दा है। क्षेत्रवाद अब पहाड़ी नेताओं के हाथों से निकल चुका है, जिसे फिर से मजबूत करना जरूरी है।
भाजपा के साथ संबंधों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजीपीएम की अपनी विचारधारा है और पार्टी ने भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। भविष्य में भी उनका राजनीतिक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवाद समाप्त होने पर मौजूदा नेताओं को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा। दिवंगत सुभाष घीसिंग के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों की जीत ही क्षेत्रवाद को बचा सकती है। भाजपा को भी स्थानीय निकाय चुनाव में सहयोगी क्षेत्रीय दलों को मजबूत करने का अवसर देना चाहिए।