गोर्खा संस्कृति और परंपरा का उत्सव बनेगा ‘एमपी देउसी भैलो महोत्सव’

गोर्खा संस्कृति और परंपरा का उत्सव बनेगा ‘एमपी देउसी भैलो महोत्सव’
Published on: 

सिलीगुड़ी : गोर्खा समाज के समृद्ध इतिहास, संस्कृति, परंपरा, खानपान और लोकाचार को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने विशेष पहल की है। इसी के तहत पहली बार सिलीगुड़ी में तीन दिवसीय ‘एमपी देउसी भैलो महोत्सव 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। 13 से 15 नवंबर तक मिलन मोड़ फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गुरुवार को मिलन मोड़ फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सांसद राजू बिष्ट ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को गोर्खा समाज के गौरवशाली इतिहास और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराना है। साथ ही पहाड़, तराई और डुआर्स के लोगों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव की शुरुआत 13 नवंबर को शाम 5 बजे होगी। उद्घाटन समारोह में सिक्किम के मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा पहाड़ के कई नेताओं और मंत्रियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 14 नवंबर को राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उपस्थित रहने की बात कही गई है। 15 नवंबर को समापन दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

महोत्सव में संगीत प्रेमियों के लिए भी विशेष आकर्षण रहेगा। राजू लामा एंड बैंड, पूर्ण राई एंड दाजु-भाई हारु, द एलिमेंट्स, तृष्णा गुरुंग और द कोलैब एक ही मंच पर प्रस्तुति देंगे।

इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण पारंपरिक ‘देउसी-भैलो’ प्रतियोगिता होगी, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5 लाख, दूसरे स्थान वाली टीम को 3 लाख और तीसरे स्थान वाली टीम को 2 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रतिभागी टीमों को आर्थिक सहयोग और सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।

सांसद ने पहाड़, तराई और डुआर्स के सभी लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों की योजना इसे आने वाले वर्षों में भी नियमित रूप से आयोजित करने की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News