मिलन मोड़ में सांसद देउसी-भैलो महोत्सव का आगाज

मिलन मोड़ में सांसद देउसी-भैलो महोत्सव का आगाज
Published on: 

सिलीगुड़ी : तिहार पर्व की परंपरा, लोकसंस्कृति और सामुदायिक एकता का उत्सव सांसद देउसी-भैलो महोत्सव 2026 शुक्रवार से मिलन मोड़ फुटबॉल मैदान में शुरू हो गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजन की सफल शुरुआत और निर्विघ्न समापन की कामना के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी शुरू हुआ।

महोत्सव को लेकर मैदान में मंच और अन्य व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। विभिन्न बैंड और सांस्कृतिक दलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के लिए पहुंच चुके हैं। तीन दिनों तक यहां संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

देउसी और भैलो नेपाली समुदाय के तिहार पर्व की महत्वपूर्ण लोकपरंपराएं हैं। इनके माध्यम से खुशियां, आशीर्वाद और आपसी सौहार्द का संदेश दिया जाता है। इसी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

इस तीन दिवसीय आयोजन में दार्जिलिंग पहाड़, तराई, डुआर्स, सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता देखने को मिलेगी। विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव को खास बनाएंगे। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 5 बजे से शुरू होंगे और 15 नवंबर तक जारी रहेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News