

मिरिक: गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (गोजमुमो) ने मिरिक नगर पालिका क्षेत्र में ट्यूबवेल योजना के लिए आवंटित 6 करोड़ रुपये का हिसाब मांगा है। पार्टी ने नगर पालिका प्रशासन से 24 घंटे के भीतर योजना से संबंधित पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
गोजमुमो के अनुसार, वर्ष 2017 में गोरखालैंड आंदोलन के दौरान मिरिक के प्रत्येक वार्ड में ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल वितरण की व्यवस्था के लिए 6 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। हालांकि, पार्टी का आरोप है कि इतने वर्ष बीत जाने के बावजूद इस योजना का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचा है।
गोजमुमो मिरिक महकुमा समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष लाडुप घीसिंग ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि आज भी मिरिक के लोगों को पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने अमृत 2.0 जल परियोजना को भी पारदर्शी तरीके से लागू करने की मांग की। साथ ही ट्यूबवेल योजना के लिए आवंटित राशि के उपयोग का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने पर जोर दिया।