ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने लावारिस बैग से मिले भारी संख्या में कारतूस

ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने लावारिस बैग से मिले भारी संख्या में कारतूस
Published on: 

सिलीगुड़ी : शहर के फुलेश्वरी संलग्न आईओसी मोड़ इलाके में ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने लावारिस बैग से भारी संख्या में कारतूस बरामद होने से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने कारतूसों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईओसी मोड़ स्थित ट्रैफिक पुलिस बूथ के ठीक पास एक बैग पड़ा हुआ था। मंगलवार सुबह इलाके के एक स्थानीय निवासी की नजर उस बैग पर पड़ी। बैग की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बैग की तलाशी लेने पर उसके भीतर भारी संख्या में कारतूस मिले। पुलिस ने तत्काल सभी कारतूसों को अपने कब्जे में ले लिया। व्यस्त इलाके में ट्रैफिक पुलिस बूथ के ठीक सामने इस तरह कारतूस मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

आखिर ये कारतूस कहां से आए? इन्हें वहां किस उद्देश्य से रखा गया था और बैग छोड़कर जाने वाले लोग कौन थे? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बरामद कारतूसों के स्रोत का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है। घटना के पीछे किसी आपराधिक साजिश की आशंका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News