7 रूसी ट्रेकर्स ने सफलतापूर्वक पूरा किया ग्रीन लेक ट्रेक

सिक्किम के पर्यटन क्षेत्र में जुड़ी एक और बड़ी उपलब्धि
7 रूसी ट्रेकर्स ने सफलतापूर्वक पूरा किया ग्रीन लेक ट्रेक
Published on: 

लाचेन : सिक्किम के साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। खांगरी टूर्स, ट्रेक्स एंड एक्सपीडिशन के तत्वावधान में सात रूसी ट्रेकर्स के एक दल ने ८ नवम्बर 2026 को प्रसिद्ध ग्रीन लेक ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा किया।

इस चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय अभियान की सफलता पर खांगरी टूर्स, ट्रेक्स एंड एक्सपीडिशन के प्रबंध निदेशक छिरिंग दोर्जी लाचुंगपा ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अभियान के दौरान सदस्यों द्वारा प्रदर्शित समर्पण, आपसी सहयोग, टीम भावना और दृढ़ संकल्प की सराहना की।

अभियान दल का नेतृत्व आंद्रेई फ्योदोरोविच ने किया, जबकि ट्रेक गाइड के रूप में शुमिरन राई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान को सफल बनाने में धुर्बा राई, साजन राई , नितेश राई और तेनदुप शेर्पा ने सहयोगी सदस्यों के रूप में योगदान दिया।

इस सफल अभियान को लाचेन और सिक्किम के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा गया कि इससे क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं उजागर हुई हैं। ग्रीन लेक ट्रेक अपनी दुर्गम पर्वतीय परिस्थितियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है।

यह अभियान न केवल सिक्किम को अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्थानीय पर्यटन व्यवसाय और पर्वतीय गाइडों के लिए भी नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News