उम्र बढ़ने पर बरतें ये सावधानियां, छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी !

Health
वृद्धावस्थाAI Generated Image
Published on: 

वृद्धावस्था जीवन का ऐसा पड़ाव है, जहां शरीर की ताकत और फुर्ती धीरे-धीरे कम होने लगती है। ऐसे में रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी सावधानी से करना जरूरी हो जाता है। गिरने, फिसलने और चोट लगने से बचने के लिए घर में कुछ जरूरी बदलाव और अच्छी आदतें अपनाना बेहद फायदेमंद हो सकता है।

उम्र बढ़ना जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। एक समय ऐसा आता है, जब मन तो पहले की तरह उत्साहित रहता है, लेकिन शरीर पहले जैसी तेजी से साथ नहीं दे पाता। खासकर 60 वर्ष की उम्र के बाद मांसपेशियों की ताकत, संतुलन और प्रतिक्रिया देने की क्षमता में कमी आ सकती है। ऐसे में कई बार व्यक्ति सोचता है कि वह कोई काम आसानी से कर लेगा, लेकिन शरीर उसका साथ नहीं दे पाता। यही स्थिति दुर्घटनाओं और चोट का कारण बन सकती है।

वृद्धावस्था में गिरने से फ्रैक्चर, सिर में चोट और दूसरी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए इस उम्र में जल्दबाजी करने के बजाय सावधानी और समझदारी से काम लेना चाहिए। अपनी दिनचर्या में कुछ छोटे बदलाव करके कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

जरूरी सामान हमेशा एक निश्चित जगह पर रखें

बढ़ती उम्र के साथ कई लोगों को चीजें याद रखने में परेशानी होने लगती है। ऐसे में चश्मा, मोबाइल, चाबियां, पानी की बोतल और दूसरी जरूरी वस्तुओं को हमेशा एक निश्चित जगह पर रखना चाहिए। इससे जरूरत पड़ने पर सामान आसानी से मिल जाता है और उसे ढूंढने के लिए इधर-उधर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। दवाइयों को भी व्यवस्थित तरीके से रखना चाहिए। दवाइयों के लिए एक अलग बॉक्स बनाएं और उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार सुबह, दोपहर और रात के हिसाब से व्यवस्थित करें। दवाइयों के नाम और उनके सेवन का समय स्पष्ट रूप से लिखकर रखें। इससे दवा लेने में गलती होने की आशंका कम होती है।

सुबह उठते ही तुरंत खड़े न हों

वृद्धावस्था में सुबह बिस्तर से उठते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। अचानक खड़े होने से चक्कर आ सकता है या संतुलन बिगड़ सकता है।

  • जागने के बाद कुछ मिनट बिस्तर पर बैठें।

  • शरीर को पूरी तरह सामान्य होने दें।

  • बैठकर ही चप्पल पहनें।

  • जरूरत पड़ने पर दीवार या किसी मजबूत सहारे को पकड़ें।

  • जल्दबाजी में उठने या चलने से बचें।

इस छोटी सी सावधानी से गिरने का खतरा कम किया जा सकता है।

बाथरूम में रखें सबसे ज्यादा सावधानी

वृद्धावस्था में घर के भीतर होने वाली दुर्घटनाओं में बाथरूम में फिसलकर गिरना एक बड़ी समस्या है। पानी के कारण फर्श गीला रहता है और संतुलन बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है।

इसलिए बाथरूम को सुरक्षित बनाने के लिए कुछ जरूरी बदलाव करने चाहिए।

  • फर्श पर फिसलन रोकने वाली रबर मैट बिछाएं।

  • दीवार पर मजबूत हैंड ग्रिप या सपोर्ट बार लगवाएं।

  • बाथरूम के बाहर सूखी सूती मैट रखें।

  • गीले फर्श पर नंगे पैर चलने से बचें।

  • गीले हाथों से टाइल्स वाली दीवार का सहारा न लें।

  • बाथरूम में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें।

नहाते समय जमीन पर बैठने के बजाय मजबूत बाथिंग चेयर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बैठने और उठने में आसानी होती है।

टॉयलेट में भी करें जरूरी बदलाव

बढ़ती उम्र में कम ऊंचाई वाले टॉयलेट से उठना-बैठना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में ऊंचे कमोड का इस्तेमाल सुविधाजनक हो सकता है। इसके पास मजबूत हैंड ग्रिप लगवाने से भी सहारा मिलता है।

यदि कोई व्यक्ति घर में अकेला रहता है, तो उसे अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बाथरूम में जाते समय मोबाइल फोन पास रखना उपयोगी हो सकता है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी से संपर्क किया जा सके। दरवाजे की ऐसी व्यवस्था रखें कि आपात स्थिति में बाहर से भी मदद पहुंचाई जा सके।

कपड़े पहनते समय न करें जल्दबाजी

युवावस्था में व्यक्ति खड़े होकर आसानी से कपड़े पहन लेता है, लेकिन बढ़ती उम्र में ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है।

पैंट, पायजामा या दूसरे कपड़े पहनते समय पैर फंसने से संतुलन बिगड़ सकता है। इसलिए हमेशा बैठकर आराम से कपड़े पहनें। जूते और चप्पल पहनते समय भी किसी मजबूत सहारे का इस्तेमाल करें।

सीढ़ियों और सड़क पर बरतें विशेष सावधानी

वृद्धावस्था में सीढ़ियों पर चढ़ते या उतरते समय रेलिंग का सहारा लेना चाहिए। भले ही व्यक्ति खुद को पूरी तरह सक्षम महसूस करे, फिर भी सावधानी बरतना जरूरी है।

  • सीढ़ियां धीरे-धीरे चढ़ें और उतरें।

  • लिफ्ट या एस्केलेटर का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें।

  • सड़क पार करते समय जरूरत पड़ने पर किसी की मदद लें।

  • बस या कार में चढ़ते-उतरते समय सहारा लेने में संकोच न करें।

  • धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में कुर्सी पर बैठने को प्राथमिकता दें।

किसी की सहायता लेना कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति समझदारी है।

अकेले रहने वाले बुजुर्ग रखें इन बातों का ध्यान

जो बुजुर्ग अकेले रहते हैं, उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए कुछ अतिरिक्त इंतजाम करने चाहिए।

  • परिवार के सदस्यों या पड़ोसियों के संपर्क में रहें।

  • मोबाइल फोन हमेशा चार्ज रखें।

  • जरूरी फोन नंबर आसानी से उपलब्ध जगह पर लिखकर रखें।

  • घर में रात के समय पर्याप्त रोशनी रखें।

  • फर्श पर बिछे ढीले कालीन और रास्ते में रखे सामान को हटा दें।

  • जरूरत पड़ने पर परिवार या पड़ोसियों से मदद मांगें।

वृद्धावस्था बोझ नहीं, जीवन का एक नया पड़ाव है

बुढ़ापा कोई बीमारी नहीं, बल्कि जीवन की स्वाभाविक अवस्था है। इस उम्र में घबराने या खुद को दूसरों पर निर्भर समझने की जरूरत नहीं है। बस अपनी शारीरिक क्षमता को समझना और उसके अनुसार दिनचर्या में बदलाव करना जरूरी है।

नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से शरीर को बेहतर स्थिति में रखा जा सकता है। साथ ही घर और आसपास के माहौल को सुरक्षित बनाना भी बेहद जरूरी है।

याद रखें, उम्र चाहे जितनी भी हो, आत्मनिर्भर और सुरक्षित जीवन जीने के लिए सावधानी सबसे बड़ा सहारा है। छोटी-छोटी आदतें अपनाकर वृद्धावस्था को भी स्वस्थ, खुशहाल और सुविधाजनक बनाया जा सकता है। (स्वास्थ्य दर्पण)चन्द्र प्रभा सूद

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News