राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी

शुरुआती तीन घंटे में 15.81% मतदाताओं ने किया मतदान
मतदाता
मतदाता
Published on: 

जयपुर : राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के चौथे एवं अंतिम चरण में शनिवार को मतदान जारी है और शुरुआती तीन घंटे में 15.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों ने बताया कि 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का चौथा और अंतिम चरण सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न दस बजे तक कुल 15.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान हनुमानगढ़ की संगरिया पंचायत समिति में सबसे अधिक 22.41 प्रतिशत और ब्यावर की बदनोर पंचायत समिति में सबसे कम 8.12 प्रतिशत मतदान हुआ।

कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी होने की भी खबरें हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में 25 जिलों की कुल 2,524 सीटों के लिए 8,843 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चरण में 382 जिला परिषद वार्ड और 2,142 पंचायत समिति वार्ड में मतदान हो रहा है। जिला परिषद की सीटों के लिए 1,322 उम्मीदवार और पंचायत समिति की सीटों के लिए 7,521 उम्मीदवार मैदान में हैं।

प्रमुख उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू शामिल हैं, जो चूरू जिले से चुनाव लड़ रहे हैं।

अंतिम चरण में श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक जिला परिषद वार्डों में मतदान हो रहा है। इस जिले में 30 वार्ड के लिए कुल 101 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पंचायत समिति की सीटों के लिए भी इसी जिले में सबसे अधिक उम्मीदवार हैं। यहां 164 वार्ड के लिए 553 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम चरण में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे, जिनमें 54,88,275 पुरुष और 51,05,951 महिलाएं शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 25 जिलों में 11,905 मतदान केंद्र बनाए हैं।

इस चरण में श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 8,67,167 मतदाता हैं। इसके बाद बांसवाड़ा में 6,45,611, चूरू में 6,40,198 और डीडवाना-कुचामन में 6,03,262 मतदाता हैं।

जयपुर में 13 जिला परिषद वार्डों और 82 पंचायत समिति वार्डों में मतदान हो रहा है। यहां जिला परिषद की सीटों के लिए 32 और पंचायत समिति की सीटों के लिए 241 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 4,07,280 पात्र मतदाता और 447 मतदान केंद्र हैं।

मतदाता
चार महीने से लापता राजस्थान के व्यक्ति को कालिम्पोंग पुलिस ने परिवार से मिलाया
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News