

जयपुर : राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का चौथा और अंतिम चरण शनिवार को होगा। अधिकारियों ने बताया कि इसमें 25 जिलों कुल 2,524 सीटों के लिए 8,843 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चरण में 382 जिला परिषद वार्डों और 2,142 पंचायत समिति वार्डों में मतदान होगा। जिला परिषद की सीटों के लिए 1,322 उम्मीदवार और पंचायत समिति की सीटों के लिए 7,521 उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रमुख उम्मीदवारों में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू शामिल हैं जो चुरू जिले से चुनाव लड़ रहे हैं।
अंतिम चरण में श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक जिला परिषद वार्डों में मतदान होगा। इस जिले में 30 वार्डों के लिए कुल 101 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इस जिले में पंचायत समिति के उम्मीदवारों की संख्या भी सबसे अधिक है, जहां 164 वार्डों के लिए 553 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अंतिम चरण में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे जिनमें 54,88,275 पुरुष, 51,05,951 महिलाएं शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 25 जिलों में 11,905 मतदान केंद्र बनाए हैं।
इस चरण में श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 8,67,167 मतदाता हैं। इसके बाद बांसवाड़ा में 6,45,611, चुरू में 6,40,198 और डीडवाना-कुचामन में 6,03,262 मतदाता हैं।
जयपुर में 13 जिला परिषद वार्डों और 82 पंचायत समिति वार्डों में मतदान होगा। यहां जिला परिषद की सीटों के लिए 32 और पंचायत समिति की सीटों के लिए 241 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 4,07,280 पात्र मतदाता और 447 मतदान केंद्र हैं।
इसी तरह चूरू में 19 जिला परिषद वार्डों के लिए 66 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 114 पंचायत समिति वार्डों के लिए 351 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 6,40,198 मतदाता और 689 मतदान केंद्र हैं। बांसवाड़ा में 22 जिला परिषद वार्डों के लिए 72 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बूंदी में 22 वार्डों के लिए 50 उम्मीदवार हैं, जबकि जैसलमेर में 21 वार्डों के लिए 77 उम्मीदवार हैं।
अंतिम चरण में बालोतरा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, डीग, धौलपुर, हनुमानगढ़, जालौर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर और टोंक जिले भी शामिल होंगे।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान पहले चरण में 22 अक्टूबर को, दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को और तीसरे चरण में तीन नवंबर को हुआ था। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए सभी चार चरणों में हुए मतदान की गिनती 20 नवंबर को होगी। इसके बाद जिला प्रमुखों, प्रधान का चुनाव होगा।