

जयपुर : जयपुर के आमेर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढह गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंचीं बचाव दलों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तब हुआ, जब चंदवाजी क्षेत्र स्थित ताला मोड़ के पास अरावली पैलेस में निर्माण कार्य चल रहा था। कई मजदूर काम में जुटे हुए थे, तभी सोमवार (29 जून) को निर्माणाधीन दीवार ढह गई। आसपास मौजूद मजदूर दीवार के मलबे में दब गए और वहां मौजूद तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर बुरी तरह जख्मी हुए।
बिहार-झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं प्रभावित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अब तक तीनों मजदूरों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। फिलहाल राहत और बचाव दल जारी है। रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है। हादसे में प्रभावित मजदूरों के झारखंड और बिहार के निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश मजदूर घटनास्थल पर नहीं थे। कुछ मजदूर लंच करने गए थे, जबकि निर्माणाधीन दीवार के पास करीब 5-6 मजदूर ही थे। यही वजह रही कि संभावित जनहानि अपेक्षाकृत कम रही और कई मजदूरों की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया। साथ ही युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आशंका जाहिर की जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।