

जयपुर : राजस्थान पुलिस के विशेष समूह (SOG) ने फर्जी प्रमाण पत्र के जरिये शिक्षक की नौकरी पाने के मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 19 अभ्यर्थी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों ने ताईक्वांडो खेल के फर्जी प्रमाण पत्र व फर्जी सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तृतीय श्रेणी अध्यापक पद के लिए सीधी भर्ती परीक्षा-2022 में 'उत्कृष्ट' खिलाड़ी कोटे से नौकरी हासिल की।
एसओजी ने इस प्रकरण में एसओजी ने राजस्थान के 14 जिलों और हरियाणा के एक स्थान से कुल 20 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (SOG) विशाल बंसल ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों को जयपुर में स्थित SOG कार्यालय लाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने तृतीय श्रेणी अध्यापक पद के लिए सीधी भर्ती परीक्षा में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से चयनित 39 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए ताईक्वांडो फेडरेशन को एक मेल किया था, जिसकी जानकारी आरोपियों को मिल गई।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने वास्तविक ताइक्वांडो फेडरेशन को भेजे गए ईमेल की कॉपी लेकर उससे मिलती जुलती एक फर्जी ईमेल आईडी बनाई जो देखने में वास्तविक ईमेल आईडी जैसी ही थी। आरोपियों ने इससे मेल किया।
हालांकि जांच के दौरान अधिकारियों ने ईमेल में 'सैक्रेटरी' (सचिव) शब्द की स्पेलिंग में गलती पाई जिससे ईमेल के असली होने पर शक हुआ।
उन्होंने बताया कि विस्तृत की जांच में पता चला कि यह ईमेल दुबई से बनाया गया था और इसे विमलेंदु कुमार झा नाम का एक व्यक्ति चला रहा था। विमलेंदु का नाम ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के किसी भी पदाधिकारी या सदस्य के तौर पर दर्ज नहीं था।
जांच के दौरान विमलेंदु और उसके साथी रवि शर्मा को गिरफ्तार किया गया था और नकली ईमेल बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड भी बरामद कर लिया गया था।
SOG की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फेडरेशन के आधिकारिक ईमेल से मिलता-जुलता नकली ईमेल आईडी बनाया था। इसका इस्तेमाल करके उन्होंने खिलाड़ी कोटे के तहत उम्मीदवारों को नौकरी दिलाने के लिए प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को नकली ताइक्वांडो प्रमाण पत्र की सकारात्मक सत्यापन रिपोर्ट भेजी थीं।
बंसल ने बताया कि आरोपियों को फलोदी, जोधपुर, जालोर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्री गंगानगर, भीलवाड़ा, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुनू और नागौर सहित कई जिलों से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बबीता जाखड़, ज्योतिरादित्य, सीमा, कविता भींचचर, बसंती कुम्हार, ममता कुमारी, नरेंद्र बिदियासर, मुमताज, भंवरलाल, कविता, एकता थालोर, योगेंद्र कुमार, शिवकरण, मांगीलाल, भलाराम, भजनलाल, सुनील पालीवाल, महेंद्र पालीवाल, दुर्गाप्रसाद और गजानंद प्रजापत शामिल हैं।
जांच में कुछ दलालों की भूमिका भी सामने आई है जिन्होंने उम्मीदवारों से भारी रकम लेकर जाली प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए थे। दलालों को दी गई रकम और भुगतान के तरीके का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि बीकानेर में स्थित प्राथमिक शिक्षा निदेशालय से 'ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया' को सत्यापन के लिए भेजा गया ईमेल आरोपी विमलेंदु तक कैसे पहुंच गया।