

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) राष्ट्रहित और सेवा की भावना के साथ काम करने वाली पार्टी है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें BJP को 'अजेय' पार्टी बनाना है।
शर्मा BJP के स्थापना दिवस के मौके पर यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शर्मा ने कहा, BJP राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सेवा के कारण ही पार्टी आज देश ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, केंद्र और राज्य में हमारी सरकार है। हमें जनता के बीच में रहकर काम करना है और हमारी पार्टी को अजय बनाना है। पूरी ताकत के साथ जनता के बीच में रहकर हमें काम करना है।
शर्मा ने पार्टी के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंघ से प्रारंभ हुआ यह सफर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। हमारी नीति में राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी का स्थान है।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी के इतिहास और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि BJP ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आग्रह किया।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP देशभर में विकास एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही हैं तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत बना रही हैं।
शर्मा व राठौड़ ने पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।