

जयपुर : राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार को पार्टी में मतभेद होने की बात को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस राजस्थान में लगातार मजबूत हो रही है। उनकी यह टिप्पणी पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह द्वारा हाल में हुए शहरी निकाय चुनावों में भरतपुर और डीग में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश एवं जिला नेतृत्व पर सवाल उठाए जाने के एक दिन बाद आई है।
डोटासरा ने कहा, हमारे बीच कोई मनमुटाव नहीं है। यह भाजपा का टूलकिट है। भाजपा दुष्प्रचार करती है और कांग्रेस में आपसी मतभेद दिखाने की कोशिश करती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और आमजन के सहयोग से पार्टी राजस्थान में लगातार मजबूत हो रही है तथा पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय है।
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस जैसी 125 साल पुरानी पार्टी में किसी व्यक्ति को प्रदेशाध्यक्ष बनाया जाता है तो उसके पीछे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का समर्थन और आशीर्वाद होता है। उन्होंने दावा किया, कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और राजस्थान में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा।
डोटासरा की यह टिप्पणी पूर्व मंत्री और भरतपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वेंद्र सिंह द्वारा बुधवार को सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट के बाद आई है। सिंह ने शहरी निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर डोटासरा तथा कांग्रेस के भरतपुर और डीग जिला अध्यक्षों पर निशाना साधा था।
सिंह ने आरोप लगाया था कि दोनों जिला अध्यक्षों ने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर अपने पसंदीदा लोगों को टिकट दिए, जिसका जवाब मतदाताओं ने चुनाव में दिया। उन्होंने सवाल किया था, भरतपुर-डीग में कांग्रेस की बर्बादी के लिए कौन जिम्मेदार है ?
सिंह ने आरोप लगाया कि इन्हीं नेताओं ने पिछले शहरी निकाय चुनावों के दौरान भी जनता की आवाज को नजरअंदाज किया था। उन्होंने दावा किया कि मतदाता अब जिला अध्यक्षों और डोटासरा को जवाबदेह ठहराने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा था कि भरतपुर मुख्यमंत्री का गृह जिला है और ऐसे में वहां कांग्रेस को और मजबूत होने का प्रयास करना चाहिए था, लेकिन स्थानीय नेतृत्व ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने डोटासरा पर भी स्थिति को लेकर चुप रहने का आरोप लगाया था।
हालांकि, डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने राजस्थान की अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिए गए संदेश का भी उल्लेख किया और कहा कि पार्टी उन्हीं सिद्धांतों के साथ जनता के बीच काम कर रही है।