राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में 24 बैठकें हुई, 10 विधेयक पारित

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र संपन्न
राजस्थान विधानसभा
राजस्थान विधानसभा
Published on

जयपुर : राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि बजट सत्र के दौरान कुल 24 बैठकें हुईं और सदन में लगभग 184 घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा और विधायी कार्य हुए। विधानसभा के इस पांचवें एवं बजट सत्र की कार्यवाही मंगलवार शाम अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र 28 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ था।

देवनानी ने कहा कि इस सत्र में विधायकों से विधानसभा को कुल 8,919 प्रश्न प्राप्त हुए, जिनमें 4,311 तारांकित, 4,603 अतारांकित तथा पांच अल्प सूचना से संबंधित प्रश्न शामिल थे। उन्होंने बताया कि इनमें से 440 तारांकित प्रश्न सूचीबद्ध किए गए, जिनमें 232 प्रश्न मौखिक रूप से पूछे गए और उनके उत्तर दिए गए। इसी प्रकार 451 अतारांकित प्रश्न भी सूचीबद्ध किए गए।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 16वीं विधानसभा में गत चार सत्रों में 22,735 प्रश्नों में से 22,074 प्रश्नों के उत्तर राज्य सरकार से प्राप्त हो चुके हैं। इस प्रकार राज्य सरकार से लगभग 97 प्रतिशत प्रश्नों के जवाब राजस्थान विधानसभा को मिल गए हैं।

विधायी कार्य के अंतर्गत इस सत्र में कुल 10 विधेयक प्रस्तुत किए गए और सदन द्वारा पारित किए गए। इन विधेयकों पर कुल 171 संशोधन प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 17 संशोधन अग्राह्य किए गए तथा 154 संशोधन स्वीकार किए गए।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in