फॉरवर्ड ब्लॉक-भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज

शमिक भट्टाचार्य की 'गुंडा' टिप्पणी पर मचा सियासी विवाद
शमिक भट्टाचार्य
शमिक भट्टाचार्य
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की फॉरवर्ड ब्लॉक कार्यकर्ताओं को लेकर की गई 'गुंडा' टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे वैचारिक विरोध का अपमान बताया और सार्वजनिक रूप से टिप्पणी वापस लेने की मांग की।

फॉरवर्ड ब्लॉक के महासचिव जी. देवराजन ने कहा कि किसी वैचारिक विरोध को गुंडागर्दी से जोड़ना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि फॉरवर्ड ब्लॉक की स्थापना नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने की थी और इसके कार्यकर्ताओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने तथा शमिक भट्टाचार्य से अपना बयान वापस लेने की मांग की।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस पर कई पुस्तकें लिख चुके लेखक चंद्रचूड़ घोष ने भी इस टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि फॉरवर्ड ब्लॉक के इतिहास और नेताजी की विरासत को इस तरह की टिप्पणियों से कमतर नहीं आंका जा सकता।

दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब शमिक भट्टाचार्य ने नेताजी की विरासत पर आयोजित एक कार्यक्रम में फॉरवर्ड ब्लॉक पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने मूल आदर्शों से भटक चुकी है और उसमें "गुंडा तत्वों" का प्रभाव बढ़ गया है। इस बयान के बाद फॉरवर्ड ब्लॉक ने इसे नेताजी की विचारधारा और उनकी स्थापित पार्टी का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

बयान को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक हलकों का मानना है कि नेताजी की विरासत से जुड़े इस विवाद के आने वाले दिनों में और तूल पकड़ने की संभावना है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in