

कोलकाता : उत्तर कोलकाता के 91 वर्ष पुराने चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां दुर्गा की आरती करते हुए दर्शाने वाले भित्तिचित्र से सुसज्जित दीवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने अवैध निर्माण बताते हुए बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताया।
टीएमसी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि आज मां दुर्गा के चित्र वाले भित्तिचित्र पर बुलडोजर चलाया गया है, कल कहीं मूर्तियों की बारी न आ जाए। पार्टी ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कदम बताया। दूसरी ओर, नगर निगम का कहना है कि पार्क की जमीन पर बिना अनुमति दीवार और छह शौचालयों का निर्माण किया गया था।
क्लब को 20 जुलाई तक अवैध निर्माण हटाने का नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। वहीं, दुर्गोत्सव समिति का दावा है कि यह ढांचा केवल दुर्गापूजा के दौरान भारी भीड़ के प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाया गया था, न कि किसी व्यावसायिक उपयोग के लिए। समिति ने इस कार्रवाई को आगामी दुर्गापूजा की तैयारियों के लिए चिंता का विषय बताया है।