रेहाना खातून की 'एंट्री' पर कांग्रेस में घमासान

कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, अंडे फेंके, लगे नारे
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय विधान भवन में शुक्रवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब पूर्व तृणमूल पार्षद रेहाना खातून के कांग्रेस में शामिल होने की खबर सामने आई। उनके संभावित प्रवेश का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग प्रदर्शन पर उतर आया। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं और रेहाना के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की व हाथापाई हुई। प्रदर्शनकारियों ने रेहाना के खिलाफ "चोर-चोर" के नारे लगाए और उन पर अंडे भी फेंके।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रेहाना खातून को पार्टी में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। 44 नंबर वार्ड की पूर्व पार्षद रेहाना अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंची थीं, जहां उन्हें पार्टी में शामिल कराया जाना था। इसी दौरान पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया और उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने की मांग की।

एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि तृणमूल में रहते हुए रेहाना ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के पार्टी में आने से पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान और सुरक्षा दोनों प्रभावित होंगे। तीव्र विरोध के चलते रेहाना खातून शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल नहीं हो सकीं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की राय सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी और कार्यकर्ता उचित समझेंगे, तभी किसी को शामिल किया जाएगा और कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in