दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कोलकाता के धर्मतला में किए गए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही सोमवार की सुबह तक इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पार्क सर्कस के करया इलाके के निवासी 35 वर्षीय वकार आजम और गार्डनरीच के नदियाल थाना क्षेत्र के रहने वाले 32 वर्षीय जावेद अख्तर शामिल हैं। दोनों पर शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था भंग करने में शामिल होने का आरोप है। सोमवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 28 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले रविवार तक पुलिस 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी थी। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों मोहम्मद अफरोज, सलमान, आलमगीर, खालिद रजा और मोहम्मद मोइनुद्दीन को सोमवार की सुबह घटनास्थल पर घटनाक्रम के पुनर्निर्माण के लिए धर्मतला स्थित डोरिना क्रॉसिंग ले जाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनसे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें वापस ले जाया गया। पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। हेयर स्ट्रीट और इंटाली पुलिस थानों में कुल सात मामले दर्ज किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। विधानसभा में इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि धर्मतला में हुई हिंसा सुनियोजित थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने कम से कम 70 ऐसे लोगों की पहचान की है, जिनका न तो छात्र संगठनों से कोई संबंध है और न ही नीट आंदोलन से। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में पांच कथित कुख्यात बादमाशों के नाम भी सार्वजनिक किए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि शुक्रवार को एसएफआई समेत वामपंथी छात्र संगठनों ने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कोलकाता में प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी दिन सीजेपी की ओर से भी एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार, उन पर जूते और बोतलें फेंके जाने तथा पुलिस पर हमला करने की कोशिश के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच करने के साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।