सरकारी कॉलेज शिक्षकों का तबादला अब पुरी तरह 'ऑनलाइन'

उच्च शिक्षा विभाग ने तबादले के लिए नया ऑनलाइन मॉड्यूल शुरू किया
फ़ाइल फोटो
फ़ाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राज्य के सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों, लाइब्रेरियन और फिजिकल इंस्ट्रक्टर के तबादले की प्रक्रिया अब ऑनलाइन होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए एक विशेष ऑनलाइन मॉड्यूल शुरू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग की ओर से ज्ञापन जारी किया गया।

ज्ञापन के अनुसार, सरकारी कॉलेजों में कार्यरत शिक्षक, लाइब्रेरियन और फिजिकल इंस्ट्रक्टर अब शैक्षणिक, स्वास्थ्य अथवा पारिवारिक कारणों से तबादले के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। यह व्यवस्था WBES और WBGS कैडर के कर्मियों पर भी लागू होगी।

आवेदकों को तबादले के लिए अपनी पसंद के सब-डिविजन (जिले के मामले में) अथवा कोलकाता मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का विकल्प देना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी तरह का भौतिक यानी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। पहले जमा किए गए ऑफलाइन आवेदन भी मान्य नहीं होंगे और संबंधित कर्मियों को नये सिरे से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

म्यूचुअल ट्रांसफर के मामले में दोनों आवेदकों का एक ही विषय से संबंधित होना तथा एक-दूसरे के कॉलेज में तबादले के लिए सहमति देना अनिवार्य होगा। आवेदन सामान्यतः हर छह महीने में यानी साल में दो बार लिए जाएंगे। विभाग के अनुसार, प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in