

कोलकाता : श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट अथॉरिटी (एसएमपीए), कोलकाता की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का समापन ऐतिहासिक इंडेंचर मेमोरियल में आयोजित समारोह के साथ हुआ। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार सतर्कता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तथा तीन माह का अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर तक संचालित किया गया।
समारोह में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पूर्व सीवीओ डॉ. निखिल के. कनोडिया, एनएएलसीओ के सीवीओ प्रणबज्योति नाथ और एसएमपीए के पूर्व उपाध्यक्ष सम्राट राही सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एसएमपीए की ओर से मुख्य सतर्कता अधिकारी देविदत्त सतपथी, हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के प्रबंध निदेशक जयसिंभा अम्बौर और कोलकाता डॉक सिस्टम के उपाध्यक्ष बाबातोष चंद शामिल हुए।
कार्यक्रम में लासा लाबण्या समूह की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति और सांस्कृतिक संस्था मोहना द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर एसएमपीए की आंतरिक सतर्कता पत्रिका ‘आलोक’ के 10वें संस्करण का विमोचन भी हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों, कर्मचारियों, परिजनों और हितधारकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।