कालीपूजा की रात सरसुना में फायरिंग, युवक गिरफ्तार

किसकी कालीपूजा है बेहतर को लेकर हुआ था विवाद
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सरसुना के रक्षितपाड़ा इलाके की घटना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कालीपूजा की रात पटाखों के शोर के बीच दक्षिण कोलकाता के बेहला स्थित सरसुना इलाके में फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। आरोप है कि रविवार को तड़के रक्षितपाड़ा इलाके में आपसी विवाद के दौरान एक युवक ने दो राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सरसुना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में आरोपी राज पाल को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला ?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रविवार की सुबह करीब तीन बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इलाके में आयोजित दो कालीपूजा समितियों के बीच पूजा के बेहतर आयोजन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान स्थानीय निवासी राज पाल (23) और दिनेश शर्मा (40) के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राज पाल ने अपने जेब से पिस्तौल निकाली और दिनेश शर्मा की ओर करीब से दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सरसुना थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राज पाल को उसी रात इलाके से हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। जांचकर्ताओं के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और क्या उसके पास बंदूक रखने का वैध लाइसेंस है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ हथियार बरामद करने की कोशिश में जुटी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सरसुना इलाके में पिता-पुत्र को कथित तौर पर बिना कपड़ों के सड़क पर घूमाने की घटना भी चर्चा में रही थी। अब कुछ ही सप्ताह के भीतर गोलीबारी की एक और घटना सामने आने से स्थानीय निवासियों में चिंता और भय का माहौल है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News