नवान्न पहुंचे शमिक भट्टाचार्य, मुख्य सचिव के साथ बैठक

बोले—भाजपा तृणमूल जैसी कब्जे की राजनीति नहीं करेगी
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता: राज्य में ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार दोपहर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य राज्य सचिवालय नवान्न पहुंचे और मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला के साथ लंबी बैठक की।

सूत्रों के अनुसार, करीब एक घंटे चली इस बैठक में सरकार गठन की प्रक्रिया और राज्य की वर्तमान कानून-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उनके साथ भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, सांसद सौमित्र खां और प्रदेश महासचिव शशि अग्निहोत्री भी मौजूद थे। नवान्न पहुंचने पर कुछ कर्मचारियों द्वारा ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए जाने की भी चर्चा रही।

बैठक के बाद शमिक भट्टाचार्य ने चुनाव बाद हिंसा पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तृणमूल कार्यकर्ता भगवा अबीर लगाकर तोड़फोड़ कर रहे हैं और तृणमूल के पार्टी कार्यालयों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जो भी इसमें शामिल होगा, उसे पार्टी से बाहर किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि इस संबंध में मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। शमिक ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता भय और हिंसा के माहौल से बाहर निकलना चाहती है और यह जीत जनता की जीत है। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोगों को भयमुक्त वातावरण का भरोसा दिलाया था, लेकिन कुछ तत्व उसे बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश भी की जा रही है। शमिक भट्टाचार्य ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी भाजपा कार्यकर्ता हिंसा या तोड़फोड़ में शामिल पाया जाता है, तो उसे पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वे पहले भी पार्टी कार्य के सिलसिले में नवान्न आ चुके हैं, लेकिन सरकार परिवर्तन के बाद यहां आना उनके लिए एक अलग अनुभव है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in