

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा है कि स्कूलों में खेलकूद के लिए पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं नहीं होने के बावजूद शिक्षक जिस समर्पण के साथ छात्रों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, उसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।
सोमवार को कसबा स्थित गीतांजलि स्टेडियम में राज्य स्तरीय अंतर-स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में उन्होंने यह बात कही। मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष प्रतियोगिता में 2,621 स्कूलों ने भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3,473 हो गई है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा छात्रों और शिक्षकों के बीच खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का प्रमाण है।
दीपक बर्मन ने कहा कि स्कूल भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने का केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि जो छात्र पढ़ाई में औसत हों, लेकिन खेलों में रुचि रखते हों, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने माना कि शहरों में खेल के मैदानों की कमी है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मैदान होने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का अभाव है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें नियमित रूप से खेल के मैदान में भेजने की अपील की।