छठ पूजा पर इस बार भी बंद रहेगा रवींद्र सरोवर

14 से 16 नवंबर तक पार्क में प्रवेश पर रोक
Kolkata
बंद रहेगा रवींद्र सरोवर
Published on: 

कोलकाता : छठ पूजा के अवसर पर इस वर्ष भी दक्षिण कोलकाता स्थित रवींद्र सरोवर पार्क के सभी गेट बंद रहेंगे। कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण (केएमडीए) ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा करते हुए स्पष्ट किया है कि 14 नवंबर दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर दोपहर 2 बजे तक पार्क में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस फैसले से उन श्रद्धालुओं को निराशा हुई है, जो इस बार पार्क में छठ पूजा करने की अनुमति मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे।

राज्य में नई सरकार के गठन के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि छठ पूजा के दौरान रवींद्र सरोवर में प्रवेश की अनुमति मिल सकती है। इस मुद्दे पर राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी सकारात्मक संकेत दिए थे। हालांकि, पर्यावरण संरक्षण को लेकर काम करने वाले संगठनों ने पार्क खोलने का शुरू से ही विरोध किया था।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर सक्रिय हुआ रवींद्र सरोवर बचाओ फोरम

केएमडीए के फैसले के बाद जहां छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों के एक वर्ग में मायूसी है, वहीं रवींद्र सरोवर बचाओ फोरम ने निर्णय पर संतोष जताया है। फोरम की ओर से पर्यावरणविद् सोमेंद्र मोहन घोष ने सन्मार्ग से बातचीत में बताया कि संगठन ने केएमडीए से अनुरोध किया था कि पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिछले छह वर्षों की तरह इस बार भी छठ पूजा के दौरान पार्क को बंद रखा जाए।

14 नवंबर से लागू होगा प्रतिबंध

सोमेंद्र मोहन घोष के अनुसार, फोरम के अनुरोध पर विचार करते हुए केएमडीए ने बुधवार को पार्क बंद रखने की सूचना जारी की। इसके तहत 14 नवंबर दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर दोपहर 2 बजे तक सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि मंत्री अग्निमित्रा पाल की ओर से भी यह जानकारी दी गई है कि इस वर्ष रवींद्र सरोवर में छठ पूजा आयोजित नहीं होगी। वहीं, केएमडीए के एक अधिकारी नें भी बताया कि इस बार भी पार्क को बंद रखा जाएगा।

गौरतलब है कि रवींद्र सरोवर की पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से छठ पूजा के दौरान यहां प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाता रहा है। इस बार भी प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इसी व्यवस्था को जारी रखने का निर्णय लिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News