नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन पर धर्मतला में बवाल : ईंट, जूते और बोतलें चलीं

पुलिस ने धैर्य से संभाला मोर्चा
धर्मतला में प्रदर्शन करते हुए लोग
धर्मतला में प्रदर्शन करते हुए लोग
Published on

छात्रों ने लगाये कोलकाता पुलिस जिंदाबाद के नारे

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दिल्ली से शुरू हुए नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन की आंच अब कोलकाता तक पहुंच गई है। वामपंथी छात्र संगठनों और कॉकरोच जनता पार्टी समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को धर्मतला का डोरीना क्रॉसिंग रणक्षेत्र में बदल गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर जूते, पानी की बोतलें, ईंट और पत्थर फेंके गए। इसके बावजूद पुलिस ने उल्लेखनीय संयम और धैर्य का परिचय देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी और जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।

क्या है पूरा मामला

शुक्रवार दोपहर से ही सियालदह में प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में छात्र और वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता सियालदह से मार्च करते हुए धर्मतला पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से प्रदर्शनकारियों को रानी रासमणि एवेन्यू की ओर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद डोरीना क्रॉसिंग पर विभिन्न संगठनों की अलग-अलग सभाएं और नारेबाजी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय जुलूस में कथित बाहरी तत्वों की मौजूदगी को लेकर प्रदर्शनकारियों के दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ी, तभी कुछ उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर जूते, पानी की बोतलें, ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जवाब में पुलिस ने केवल भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सीमित रूप से लाठियां लेकर आगे बढ़कर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि लाठीचार्ज नहीं किया गया, बल्कि न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए हालात को नियंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण छात्र प्रदर्शन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी थी, जिसे पूरी संवेदनशीलता और धैर्य के साथ निभाया गया। किसी बड़े टकराव या गंभीर नुकसान से बचाने के लिए पुलिस लगातार मौके पर तैनात रही और कुछ ही देर में स्थिति सामान्य कर दी।

यातायात पर पड़ा असर

प्रदर्शन के कारण शहर के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। एस.एन. बनर्जी रोड, लेनिन सरणी, धर्मतला चौराहा, सेंट्रल एवेन्यू, एजेसी बोस रोड और एपीसी रोड के कई हिस्सों पर यातायात रोकना पड़ा। इसके चलते पार्क स्ट्रीट, रवींद्र सदन और मेयो रोड सहित कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। कई बसों के रूट बदले गए और पार्क सर्कस से धर्मतला जाने वाले ऑटो का संचालन भी प्रभावित हुआ। यातायात बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो का सहारा लिया, जबकि कई यात्रियों को बसों से उतरकर पैदल अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। देर रात तक रानी रासमणि एवेन्यू पर प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा बना रहा। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को लेकर एकाधिक मामले दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in