

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। बाल विवाह की शिकायत मिलने पर केवल परिवार ही नहीं, बल्कि शादी कराने वाले काजी और पंडितों की भूमिका की भी जांच होगी। शुक्रवार को बॉडीगार्ड लाइंस में आयोजित क्राइम मीटिंग में कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने यह बात कही। सूत्रों के अनुसार सीपी ने कहा कि यदि किसी काजी या पंडित की ओर से नाबालिगों की शादी कराने की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सख्ती से कानून लागू करने का निर्देश दिया गया है।
काजी और पंडितों के साथ होगी विशेष बैठक
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के काजी और पंडितों के साथ बैठक करें। उन्हें बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट रूप से बताया जाए कि नाबालिगों की शादी कराना कानूनी अपराध है। यदि बाल विवाह की शिकायत मिलती है और जांच में उनकी भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा सकती है।
स्कूलों और संवेदनशील इलाकों में चलेगा जागरूकता अभियान
बाल विवाह की रोकथाम के लिए स्कूलों और स्थानीय इलाकों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। जिन क्षेत्रों में बाल विवाह की शिकायतें अधिक सामने आती हैं, वहां पुलिस को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। बीट अधिकारियों को नियमित रूप से स्थानीय लोगों के साथ बैठक करने और इस तरह की घटनाओं की जानकारी जुटाने को कहा गया है।
बीट मीटिंग बढ़ाने और साइबर फ्रॉड पर भी जोर
बैठक में साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को लेकर भी चिंता जताई गई। अधिकारियों को बीट मीटिंग की संख्या बढ़ाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया गया। पुलिस का उद्देश्य है कि स्थानीय स्तर पर लोगों के साथ बेहतर संपर्क स्थापित कर अपराधों पर लगाम लगाई जा सके। पुलिस प्रशासन का मानना है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए केवल कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए परिवारों, धार्मिक प्रतिनिधियों, स्कूलों और स्थानीय समुदायों को भी जागरूक करना जरूरी है।