

कोलकाता : डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने वरिष्ठ भाजपा नेता जे.पी. नड्डा पर 2020 में हुए हमले के मामले की पुनः जांच शुरू कर दी है। इस कदम के बाद गिरफ्तार तृणमूल नेता जहांगीर खान उर्फ ‘पुष्पा’ की कानूनी मुश्किलें और बढ़ने की संभावना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला 10 दिसंबर 2020 की है। उस दिन भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा डायमंड हार्बर में एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले पर ईंट-पत्थर और डंडों से कथित रूप से हमला किया गया था। यह घटना डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गंभीर खामियां पाई गई हैं और उसी आधार पर मामले की पुनः जांच का निर्णय लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती एफआईआर में जहांगीर खान समेत कई प्रभावशाली लोगों के नाम दर्ज थे, लेकिन बाद में जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठे। पुलिस का दावा है कि पिछली जांच “सतही और अधूरी” थी, जिसके चलते अब न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुनः विस्तृत जांच जरूरी हो गई है। आरोपी जहांगीर खान पहले से ही पुलिस हिरासत में है। उसे मई में मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद से फरार घोषित किया गया था और बाद में भारत-नेपाल सीमा के पास पानीटंकी से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। इधर, पुलिस द्वारा जांच के तहत आरोपी को डायमंड हार्बर और फलता क्षेत्र में घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन भी कराया गया। इस दौरान उसकी गतिविधियों को लेकर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि यह प्रक्रिया जांच के तहत साक्ष्य एकत्र करने के लिए की जा रही है।