पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के प्रकाशन की नई तारीख घोषित, अंतिम सूची 8 फरवरी को

15 दिसंबर को जारी होगी संशोधित प्रारूप मतदाता सूची, 14 जनवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता; चुनाव आयोग ने दोबारा बदला कार्यक्रम
Kolkata
मतदाता सूची के प्रकाशन की नई तारीख घोषित
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग ने नया कार्यक्रम घोषित किया है। आयोग के ताजा निर्देश के अनुसार, राज्य में संशोधित प्रारूप मतदाता सूची 15 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची अगले वर्ष यानी 8 फरवरी 2027 को जारी होगी। इससे पहले आयोग दो बार कार्यक्रम में बदलाव कर चुका है, जिसके कारण मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसके लिए आयोग ने पहले 23 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची जारी करने की तारीख तय की थी। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने इस प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। अब आयोग ने संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है।

नई समय-सारिणी के अनुसार, आगामी 3 दिसंबर तक सभी मतदान केंद्रों के बूथों के पुनर्विन्यास का काम पूरा करना होगा। इसके बाद 15 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक मतदाता अपनी सूची में नाम, पते या अन्य विवरणों से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 1 फरवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 8 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रारूप मतदाता सूची में किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य व्यक्तिगत विवरण में गलती होने पर निर्धारित समय के भीतर सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।

आयोग ने मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को भी विशेष निर्देश दिए हैं। जिन मतदाताओं के दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारियों में विसंगतियां पाई गई हैं, उनके घर जाकर बीएलओ को विवरणों का सत्यापन करना होगा। आयोग का निर्देश है कि इस बार मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि न रहे।

आयोग के अनुसार, पैन कार्ड और आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में गलती होने पर लोग उसे ठीक कराते हैं, लेकिन मतदाता पहचान पत्र में कई बार गलतियां लंबे समय तक बनी रहती हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए मतदाता सूची में दर्ज नाम, माता-पिता या अभिभावक का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, फोटो और पते सहित सभी विवरणों की जांच एवं आवश्यक सुधार पर जोर दिया जा रहा है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल स्वचालित पहचान प्रणाली (ऑटोमेटेड आइडेंटिफिकेशन) के आधार पर मतदाता सूची में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। किसी भी संशोधन के लिए संबंधित मतदाता के हस्ताक्षर और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी।

चुनाव आयोग की इस नई समय-सारिणी से राज्य के मतदाताओं को अपने विवरणों की जांच करने और किसी भी तरह की त्रुटि को निर्धारित समय के भीतर ठीक कराने का अवसर मिलेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News