

दक्षिण 24 परगना : मथुरापुर थाना क्षेत्र के उत्तर दुर्गापुर गांव में एक मां द्वारा अपने दो साल के मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृत बच्चे की पहचान रक्तिम हालदार के रूप में हुई है। पुलिस और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, घटना सोमवार की शाम करीब पांच बजे की है। आरोप है कि केतकी हालदार नाम की महिला ने अपने दो साल के बेटे रक्तिम की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त महिला का पहले पति से हुआ 13 वर्षीय बेटा भी वहां मौजूद था। उसी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। परिवार के मुताबिक, पहले पति से तलाक लेने के बाद केतकी ने रमेश हालदार से शादी की थी। रक्तिम इसी शादी से हुआ उनका बेटा था। बड़ा बेटा अलग रहता था, लेकिन सोमवार को वह अपनी मां के पास आया हुआ था। उसने परिजनों को बताया कि उसकी आंखों के सामने ही मां ने उसके छोटे भाई की जान ले ली। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने घटना को हादसा दिखाने के लिए बच्चे के शव को तालाब में फेंकने की योजना बनाई थी। इतना ही नहीं, घटना की जानकारी किसी को न देने के लिए उसने अपने बड़े बेटे को धमकी भी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही मथुरापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर परिजनों और बड़े बेटे से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी महिला यानी मृत बच्चे की मां को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।