

कोलकाता : नंदीग्राम उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस के बीच पूर्व मंत्री अखिल गिरि का नाम चर्चा के केंद्र में आ गया है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा अखिल को कालीघाट स्थित अपने आवास पर बुलाये जाने के बाद सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गयी हैं कि नंदीग्राम में वह तृणमूल की पसंद हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, ममता ने अखिल से कुछ दिन पहले भी उपचुनाव को लेकर राय मांगी थी। अखिल ने अपनी राय पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने के साथ व्हाट्सऐप के जरिए भी सुझाव भेजे थे। ऐसे में ममता के ताजा बुलावे को अहम राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
पूर्व मेदिनीपुर जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय अखिल गिरि का नंदीग्राम क्षेत्र में सांगठनिक प्रभाव माना जाता है। ऐसे में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए तृणमूल नेतृत्व उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर सकता है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
अखिल ने कहा कि वह पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा, उसका पालन करेंगे। उन्होंने नंदीग्राम से स्थानीय उम्मीदवार को प्राथमिकता देने की राय भी रखी है। नंदीग्राम में 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। उम्मीदवार चयन को लेकर कालीघाट में चल रही कवायद पर अब सबकी नजर है।