'लाल-बाल-पाल स्मृति पर्व’ 7 नवंबर को

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि होंगे मुख्य अतिथि
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्मृति न्यास  के अध्यक्ष नीरज कुमार, साथ में हैं डाक्टर संजय पंकज, जय गोपाल गुप्ता, सुष्मिता चौधरी , इशिता चौधरी, मेलिता मालेवार व अन्य
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्मृति न्यास के अध्यक्ष नीरज कुमार, साथ में हैं डाक्टर संजय पंकज, जय गोपाल गुप्ता, सुष्मिता चौधरी , इशिता चौधरी, मेलिता मालेवार व अन्य
Published on: 

कोलकाता : स्वाधीनता आंदोलन के महान सेनानियों लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल की स्मृति में 7 नवंबर यानी शनिवार की सुबह साढ़े 10 बजे से महाजाति सदन में ‘लाल-बाल-पाल स्मृति पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसकी जानकारी राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ''दिनकर '' स्मृति न्यास, दिल्ली के अध्यक्ष नीरज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। नीरज कुमार ने बताया कि क्रांतिकारी संपादक, शिक्षक, चिंतक और महान स्वतंत्रता सेनानी बिपिन चंद्र पाल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह का उद्देश्य स्वराज के अग्रदूतों के योगदान और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण होंगी। नई दिल्ली एवं कोलकाता से पहुंचीं कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज की वरिष्ठ शिष्या तथा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित शाश्वती सेन के निर्देशन में उनका सांस्कृतिक दल विभिन्न प्रस्तुतियां देगा। इन प्रस्तुतियों में वंदे मातरम्, लाल-बाल-पाल, विद्यापति, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर तथा पंडित बिरजू महाराज के गीतों और कविताओं पर आधारित कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके अलावा डॉ. सुमित बसु के सांस्कृतिक दल की ओर से मणिपुरी नृत्य शैली ‘मैतेई जागोई’ तथा शांतिनिकेतन की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ समारोह का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर ‘स्वराज्य के अग्रदूत : लाल-बाल-पाल’ शीर्षक स्मारिका का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्मृति न्यास, दिल्ली और बड़ाबाजार लाइब्रेरी, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिपिन चंद्र पाल की पोती इशिता चौधरी, परिजन सुष्मिता चौधरी, मेलिता मालेवार और डॉ. संजय पंकज सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में बड़ाबाजार लाइब्रेरी के अध्यक्ष जय गोपाल गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News