कालीघाट में तृणमूल नेता कुणाल घोष पर अंडे फेंके गए

ममता के घर के बाहर हुआ हमला
कुणाल घोष पर अंडे से किया गया हमला
कुणाल घोष पर अंडे से किया गया हमला
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेलियाघाटा के विधायक कुणाल घोष पर सोमवार दोपहर कालीघाट में अंडे फेंके गये। यह घटना उस समय हुई जब वह कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर आयोजित एक बैठक से बाहर निकल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद कुणाल घोष मीडिया से बातचीत के लिए रुके थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनमें से एक ने उन पर अंडा फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हमलावर के रूप में खुद को चंदन बताने वाले एक युवक ने दावा किया कि उसने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया। युवक का आरोप है कि कुणाल घोष के खिलाफ कई शिकायतें हैं और इसी कारण उसने उनके ऊपर सड़े अंडे फेंककर अपना विरोध दर्ज कराया। उसने स्वयं को कालीघाट क्षेत्र का निवासी बताया। घटना के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल घोष ने कहा कि वह पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में शामिल होने के बाद बाहर निकले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित हरकत थी। उनके अनुसार, जब वह मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी कुछ युवक आगे आए और उनमें से एक ने उन पर अंडा फेंक दिया। कुणाल घोष ने इस घटना को जनाक्रोश बताने से इनकार करते हुए कहा कि यह असभ्यता और अराजकता का उदाहरण है। उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के सामने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद इस प्रकार की घटना कैसे हुई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in